Delhi Fake ED Raid: दिल्ली में नौकरानी ने मकान मालिक के घर फेक ED की छापेमारी करवा दी। पुलिस ने इस मामले में 2 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।

Delhi Fake ED Raid: दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर घर की ही नौकरानी ने अपने मालिक के यहां ED की फर्जी छापेमारी करवा दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिला और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पुलिस की यूनिफॉर्म, घर का महंगा सामान और हथियार को कब्जे में ले लिया है। 

जानकारी के मुताबिक, नौकरानी ने पूरी प्लानिंग के साथ अपने करीबियों को इस साजिश में शामिल किया है। मेड ने घर की पूरी जानकारी साथियों को दी थी और स्पेशल 26 फिल्म जैसा प्लान तैयार किया था। घर में कौन-कौन रहता है,  क्या करता है, इसकी पूरी जानकारी इस रेड में सहायक बना है।

पुलिस का कहना है कि 1 फरवरी को पुलिस की वर्दी पहनकर 3 लोगों ने ED अफसर बनकर न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में 86 वर्षीय रिटायर्ड आर्किटेक्ट आरसी सभरवाल के घर में जबरदस्ती एंट्री की। उस दौरान टीम ने परिवार को धमकाया, उनके फोन छीन लिए और तलाशी का नाटक किया है। संदेह होने पर पीड़ित के पोते ने आरोपियों से सवाल किया तो, वे करीब 4 लाख रुपये कैश और 7 महंगी घड़ियां लेकर भाग गए।   

350 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाला

पुलिस ने मामले के बारे में पता लगाने के लिए 350 से ज्यादा CCTV कैमरों को खंगाला, जिनमें  D-ब्लॉक आवासीय क्षेत्र के निजी कैमरे, दिल्ली पुलिस के सर्विलांस कैमरे और हाई स्पीड ट्रैफिक कैमरे शामिल थे। फुटेज के आधार पर क्राइम स्पॉट से संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया। जिसमें संदिग्धों की कार सराय काले खान एरिया से गुजरते हुए गाजीपुर बॉर्डर पार करते हुए यूपी में प्रवेश करते हुए दिखाई देती है। इन सबूतों के आधार पर पुलिस  गाजियाबाद के वैशाली के सेक्टर 4 तक पहुंची, जहां उन्हें कार खड़ी मिली। 

पुलिस ने महिलाओं को कैसे पकड़ा ?

आरोपियों ने भागने के लिए कार का इस्तेमाल किया, लेकिन CCTV फुटेज से टीम को कार का रजिस्ट्रेशन नंबर मिल गया। कार मिलने के बाद टीम ने टेक्निकल सर्विलांस का इस्तेमाल करके यह पता लगाने की कोशिश की घटनास्थल और वैशाली पार्किंग एरिया पर उस समय कौन से मोबाइल नंबर एक्टिव थे।  इस डेटा की मदद से पूजा राजपूत के घर के बारे में पुलिस को पता लगा। पुलिस को जांच के दौरान यह भी पता लगा कि नौकरानी रेखा देवी अक्सर उसके घर पर आया जाया करती थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस इस मामले में दूसरे आरोपियों की तलाश कर रही है।