Delhi Electric Bed Incident: दिल्ली के त्रिनगर में 45 साल के शख्स की अपने ही घर में 'इलेक्ट्रिक बेड' से करंट लगने के कारण मौत हो गई। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने व्यक्ति को बेड पर मृत अवस्था में पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। वहीं मृतक के परिजन के बयान दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक,मृतक की पहचान 45 साल के धीरज कौशिक के तौर पर हुई है। पुलिस का कहना है कि मृतक के भाई ने उन्हें 12 फरवरी को सूचित किया था कि धीरज कौशिक की अपने घर में करंट लगने से मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो उन्होंने पाया कि धीरज अपने कमरे में इलेक्ट्रिक बेड पर मृत अवस्था में थे।
पुलिस ने जांच के समय पाया कि बेड से एक बिजली का तार और सॉकेट जुड़ा हुआ था। शुरुआती जांच में पुलिस ने संभावना जताई है कि वायरिंग में किसी खराबी या शॉर्ट सर्किट की वजह से बिस्तर में करंट उतर आया,और यह हादसा हो गया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती मामला करंट लगने से हुई मौत का लग रहा है, वहीं परिवार वालों ने फिलहाल किसी भी तरह की साजिश या फाउल प्ले संभावना जताई नहीं गई है। हादसे के वक्त धीरज के पिता राजेंद्र कौशिक और परिवार के दूसरे सदस्य भी घर में मौजूद थे।
मृतक का हो चुका था तलाक
पुलिस पूछताछ में मृतक के परिवार ने बताया कि धीरज का उनकी पत्नी से तलाक हो चुका था, और उनके 19 साल की बेटी और 14 साल का बेटा हैं। परिजनों ने यह भी बताया कि धीरज को शराब पीने की बुरी आदत थी। पुलिस ने क्राइम टीम को बुलाकर घटनास्थल की गहनता से जांच करवाई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
