Delhi DTC Employees: दिल्ली के डीटीसी कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हजारों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को राहत देते हुए 1200 करोड़ रुपये की अनुदान राशि को मंजूरी दे दी है। इस राशि का इस्तेमाल आधुनिक तकनीक से यातायात को सुगम बनाया जाएगा। इसके अलावा इस राशि का बड़ा हिस्सा कर्मचारियों के वेतन और वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समर्पित है। 

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, 'यह केवल सरकारी अनुदान नहीं है, बल्कि अपने उन कर्मचारियों के प्रति सम्मान और आभार है जो हर मौसम में दिल्ली को थमने नहीं देते। हमने यह भी सुनिश्चित किया है कि, हमारे बुजुर्ग पेंशनभोगियों को कभी अपनी मेहनत की कमाई के लिए इंतजार न करना पड़े।'

DTC कर्मी दिल्ली की लाइफलाइन-सीएम

सीएम ने यह भी कहा कि वित्त विभाग द्वारा जारी 1200 करोड़ रुपये के अनुदान में से 1100 करोड़ रुपये सीधे तौर पर कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के वेतन, पेंशन और अन्य देयताओं के लिए आवंटित किए गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि डीटीसी और उसके कर्मचारी दिल्ली की लाइफलाइन हैं, सरकार द्वारा जारी यह राशि उनके और उनके परिवारों की वित्तीय सुरक्षा का आधार है, ताकि समय पर उन्हें भुगतान मिल सके।  

आधुनिकीकरण के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान

सीएम ने कहा कि कर्मचारी कल्याण के साथ-साथ, परिवहन व्यवस्था के आधुनिकीकरण के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, इसके तहत 2 महत्वपूर्ण रणनीतिक परियोजनाओं पर काम किया जाएगा, जिनमें  एडवांस्ड ट्रैफिक सिस्टम, यानी यातायात को सुगम बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल और राज्यों को पूंजीगत व्यय के लिए विशेष सहायता योजना (एसएएससीआई) के अंतर्गत कमर्शियल ई-व्हीकल चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास शामिल है।

उन्होंने यह भी कहा कि सड़कों पर प्रदूषण मुक्त परिवहन उपलब्ध करवाना सरकार का लक्ष्य है। डीटीसी को दिल्ली की लाइफलाइन बताते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि DTC केवल बसों का बेड़ा नहीं है, बल्कि लोगों के जीवन को गति देने वाली धमनियां हैं। इस व्यवस्था को सुचारू रुप से चलाने के लिए चालक, परिचालक और कर्मचारी मेहनत करते हैं।  

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।