Delhi Double Murder: दिल्ली से दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर पिता और बेटे की चाकू से हमला करके उसकी हत्या कर दी गई। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके शवों को कब्जे में ले लिया है। इस हत्याकांड का आरोप पड़ोसी पर लगा है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला सीआर पार्क इलाके के तारा अपार्टमेंट के O BLOCK का बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान 60 साल के पिता राकेश सूद और उनके 27 साल के बेटे करण सूद के तौर पर हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतकों का F BLOCK में रहने वाले असद के साथ पैसे के लेन देन को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद की वजह से आरोपी असद ने राकेश, उनके बेटे करण और चचेरा भाई राहुल पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी असद को गिरफ्तार कर लिया है।
चचेरे भाई की हालत गंभीर
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तीनों घायलों को साकेत के मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने पिता और बेटे को मृत घोषित कर दिया, जबकि चचेरे भाई राहुल की हालत गंभीर बताई जा रही है, और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी असद भी तारा अपार्टमेंट्स में ही रहता है। पैसों के लेनदेन के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने असद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। इस हत्याकांड के बाद से ही इलाके में दहशत का माहौल है, इसके अलावा अपार्टमेंट की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ करके इस मामले के दूसरे पहलुओं की भी गहनता से जांच करेगी।