चोरों ने 13 और 14 फरवरी की मध्य रात्रि करीब 2.10 बजे  आरके पुरम के सेक्टर-6 स्थित चौहान ज्वेलर्स को निशाना बनाया। इस घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

राजधानी दिल्ली के पॉश इलाकों में शुमार आरके पुरम के सेक्टर-6 से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां चोरों ने एक ज्वेलरी शोरूम में करोड़ों रुपये के जेवरात चुरा लिए हैं। शोरूम संचालक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोरों ने 13 और 14 फरवरी की मध्य रात्रि करीब 2.10 बजे  आरके पुरम के सेक्टर-6 स्थित चौहान ज्वेलर्स को निशाना बनाया। सीसीटीवी से पता चलता है कि देर रात पांच संदिग्ध शोरूम के बाहर पहुंचते हैं। पहले वे सीसीटीवी को तोड़ने का प्रयास करते हैं। इसके बाद दुकान के बाहरी शटर को तोड़ने में जुट जाते हैं। बाहरी शटर को तोड़ने के बाद चोर भीतर लगे दूसरे शटर को काट देते हैं और शोरूम में एंट्री कर लेते हैं। 

शोरूम के भीतर घुसते ही चोर जेवरात समेटना शुरू कर देते हैं। सीसीटीवी से पता चला है कि पांच चोरों में से तीन चोरों ने जेवरात समेटने शुरू किए थे, जबकि बाकी दो शोरूम के बाहर पहरा दे रहे थे। इसके बाद 2:44 बजे पांचों शोरूम जेवरात चोरी कर फरार होते दिखाई दे रहे हैं। 

35 मिनट ने खोले पुलिस के सुरक्षा इंतजामों की पोल 

सुबह करीब छह बजे एक दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचा तो उसने शटर टूटा देखा, जिसके बाद उसने दुकान मालिक को फोन कर घटना की सूचना दी। शोरूम के मालिक रविंद्र सिंह चौहान ने बताया कि दुकान बंद करते समय उन्होंने कई जेवरात को स्ट्रॉन्ग रूम के लॉकर में नहीं रखा था। स्ट्रॉन्ग रूम के लॉकर में रखे जेवरात सुरक्षित हैं, लेकिन डिस्पले में रखे गए सभी आभूषण चोरी हो गए हैं। नुकसान का आकलन नहीं किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को मामले की शिकायत दी है। भरोसा दिया है कि जल्द आरोपियों का सुराग लगा लिया जाएगा। 

उधर, दुकानदारों का कहना है कि 35 मिनट तक जिस तरह से चोरों ने बेखौफ इस वारदात को अंजाम दिया है, उससे अन्य दुकानदारों में दहशत का माहौल है। दुकादारों की मांग है कि पुलिस को रात्रि गश्त बढ़ानी चाहिए ताकि चोरी और अन्य वारदातें न हो सकें।