दिल्ली क्राइम ब्रांच ने राजधानी में लग्जरी कारों को चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपी से चोरी की तीन कारें बरामद की गई हैं। पूछताछ के बाद कई वारदातों के खुलासा होने की उम्मीद है।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने लग्जरी कार चुराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने ऐसे चौंकाने वाले खुलासे किए, जिससे पुलिस भी दंग रह गई। बहरहाल, पुलिस से पूछताछ जारी है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचा जा सके। 

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी का नाम मोहम्मद अशरफ खान है। वह ग्रेजुएट है और जिम ट्रेनर का काम करता है। उसने अपना रसूख दिखाने के लिए लग्जरी कार चुराई, लेकिन बाद में उसने इसे अपना साइड धंधा बना लिया। मतलब जब भी क्लाइंट लग्जरी कार लेना चाहता तो वह चुराई गई कार मुहैया करा देता। 

ऐसे चढ़ा दिल्ली पुलिस के हत्थे
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 6 अप्रैल को मुखर्जी नगर से लग्जरी कार चोरी हुई थी। एक गुप्त सूचना मिली कि यह कार जयपुर में है। इस पर समय गंवाए बिना पुलिस ने टीम गठित की और बताए गए स्थान पर दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो कारों को भी बरामद कर लिया।

जयपुर का रहने वाला है आरोपी 
पुलिवस का कहना है कि आरोपी मोहम्मद अशरफ जयपुर के झोटवाड़ा इलाके का रहने वाला है। उसके घर पर ही छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने नाना नानी के साथ रहता है। उसके माता पिता बचपन में ही अलग हो गए थे। वह जिम ट्रेनिंग का काम करता और रसूख जमाने के लिए लग्जरी कार ली।

बाद में क्लाइंट्स को लुभाने लगा कि वह कम कीमत पर लग्जरी कार दिला सकता है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। पूछताछ के बाद वाहन चोरी की कई वारदात सुलझने के साथ इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के नामों का खुलासा होने की उम्मीद है।