Logo
कापसहेड़ा इलाके से पांच साल की मासूम बच्ची को अगवा करने के बाद हवस का शिकार बनाया गया। इसके बाद उसकी हत्या कर शव नाले में फेंक दिया गया।

Delhi Child Kidnapping Case: दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके से पांच साल की मासूम बच्ची को अगवा करने के बाद हवस का शिकार बनाया गया। इसके बाद उसकी हत्या कर शव नाले में फेंक दिया गया। पुलिस ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर बच्ची का शव नाले से बरामद हो गया। आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। उसने पुलिस की पिस्टल छीनकर फायर किया, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। गोली उसके पैर में लगी है। आरोपी पीड़ित परिवार का पड़ोसी है। फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पड़ोसी ने किया अपहरण

पुलिस के अनुसार, पांच साल की बच्ची के अपहरण की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए बुधवार रात करीब नौ बजे मिली थी। कॉलर ने बताया कि पड़ोसी मेरी लड़की को उठा कर ले गया है, उसने शिवा टी-शर्ट और शॉर्ट्स पहनी है। कॉल मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची व आरोपी की तलाश शुरू कर दी। बच्ची के माता-पिता ने बताया कि वह पिछले पांच साल से यहां अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहे हैं।

सीसीटीवी की मदद से लगा पता

22 मई को शाम करीब छह बजे शिकायतकर्ता की बेटी अपने घर के सामने खेल रही थी। तभी उनके पड़ोस में रहने वाले अनिल ने लड़की का अपहरण कर लिया। लड़की और आरोपी का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया। टीम ने आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। एक कैमरे में शाम लगभग सात बजकर पांच मिनट पर आरोपी को लड़की के साथ नाले की ओर जाते हुए देखा गया। उसी कैमरे में वह लगभग सवा सात बजे लड़की के बिना अकेले वापस लौटते हुए भी दिखा।

आरोपी को कानपुर जाने वाली बस के दबोचा

आरोपी की तलाश में कई मार्गों पर वाहनों की जांच भी की गई। आखिर में रात लगभग 11:55 बजे कानपुर की ओर जा रही एक बस से उसे दबोचा गया। शुरुआत में अनिल ने अपहरण की घटना में शामिल होने से इनकार किया, लेकिन लगातार पूछताछ करने पर वह टूट गया। उसने बच्ची की हत्या कर शव गुरुग्राम और कापसहेड़ा की सीमा पर एक नाले में फेंक दिया था।

कई घंटों की तलाशी अभियान के बाद आखिरकार लड़की का शव नाले से बरामद कर लिया गया। उसी दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की। उसने एक पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर भी छीन ली और पुलिसकर्मियों पर फायर किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की और गोली आरोपी के पैर में लगी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

5379487