उत्तर पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में बॉडी बिल्डर की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक नाबालिग शामिल है। जानिये हत्या की वजह?

उत्तर पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त 21 वर्षीय मोहम्मद शमीम उर्फ सूई के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ से पता चला है कि मृतक के लिए बॉडी बिल्डर की तरह रौब झाड़ने का शौक ही उसकी जान पर भारी पड़ गया। 

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, वेलकम इलाके में मोहम्मद शमीम उर्फ सूई नामक बॉडी बिल्डर की पेचकस और चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। यही नहीं, उस पर पत्थर से भी कई वार किए गए। पुलिस को जब वारदात की सूचना मिली तो प्रथम दृष्टया ही अंदेशा हो गया कि वारदात किसी जान पहचान वाले ने की होगी। अगर यह लूटपाट का मामला होता तो इतनी बुरी तरह से हत्या नहीं की जाती। 

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से नाबालिग समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। शुरू में वे पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन बाद में अपने ही बयानों में फंस गए और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय वसीम, 23 वर्षीय तिलक राज के रूप में हुई है। तीसरा आरोपी नाबालिग है, जिसकी उम्र 17 साल है। 

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि शमीम बॉडी बिल्डर था और उसकी कद काठी मजबूत थी। वो उसे हमेशा परेशान और धमकाता रहता था। इस कारण उन्होंने उसकी हत्या की साजिश रची। वारदात के दिन यानी शुक्रवार को उन्होंने शमीम को झील पार्क में बुलाया और हत्या कर दी। आरोपियों ने बताया कि वे तीनों एकसाथ काम करते हैं। 

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानेदही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार जब्त किए जा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।