Delhi Assembly Security: दिल्ली विधानसभा में आज 6 अप्रैल सोमवार को एक गाड़ी VIP गेट तोड़कर सीधे विधानसभा परिसर में घुस गई। इस घटना से विधानसभा में हड़कंप मच गया। मामले के बारे में पता लगते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई, और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस घटना से विधानसभा की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि पुलिस टीम पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर एक टाटा सिएरा कार मॉल विधानसभा परिसर के गेट नंबर-2 तोड़कर अंदर घुस गई। कार चालक सीधे सीधे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ा, और फूलों का गुलदस्ता रखकर मौके से तुरंत फरार हो गया। घटना के वक्त विधानसभा के वीआईपी गेट पर CRPF तैनात थी, इसके बावजूद इस तरह की घटना से विधानसभा की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
उत्तर प्रदेश नंबर की थी कार
बताया जा रहा है कि कार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत नंबर की थी। इस घटना के बाद से ही पुलिस टीम के अलावा बॉम्ब स्क्वाड मौके पर मौजूद हैं। फिलहाल आरोपी चालक ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय के पास जो गुलदस्ता रखा, उसमें से कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली है।
सरबजीत सिंह के नाम पर कार रजिस्टर्ड
दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपी ने जिस गाड़ी का इस्तेमाल किया है, वो पीलीभीत जिले के पूरनपुर तहसील क्षेत्र के रहने वाले सरबजीत सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है। कार के मालिक के पिता का नाम कुलवंत सिंह बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने ड्राइवर आरोपी समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि इस घटना के पीछे की असली वजह का पता लग सके।