सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से इस योजना को पूरा किया जाएगा। सभी सड़कों को वॉल टू वॉल कारपेटिंग मॉडल के तहत विकसित की जाएंगी।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने और लंबे समय तक टिकाऊ बनाए रखने के लिए बड़ी और व्यापक सड़क सुधार परियोजना को मंजूरी दी है। सीएम का कहना है कि उन्नत तकनीक के माध्यम से दिल्ली की 241 से अधिक प्रमुख सड़कों का पुनर्विकास होगा। उन्होंने कहा कि यह कार्य चरणबद्ध तरीके से इस साल के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। 

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से इस योजना को पूरा किया जाएगा। सभी सड़कों को वॉल टू वॉल कारपेटिंग मॉडल के तहत विकसित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि गड्डे वाली सड़कों पर पैचवर्क कर दिया जाता है, लेकिन कुछ समय के बाद ही यह पैचवर्क उखड़ने लगता है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी आती है, वहीं ट्रैफिक जाम के साथ ही वायु प्रदूषण भी बढ़ जाता है।

उन्होंने बताया कि अब गड्ढा मुक्त सड़कों पर पैचवर्क की बजाए पूरी सड़क को बनाया जाएगा। ऐसे में यह सड़क लंबे समय तक चलेगी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 45 से ज्यादा विधानसभा की लगभग 400 किलोमीटर की प्रमुख सड़कें सुधारी जाएंगी। 

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पूरी परियोजना को इस साल के अंत तक चरणबद्ध तरीके से पूरा कर लिया जाएगा। चरणबद्ध तरीका इसलिए अपनाया है ताकि ट्रैफिक पर कम असर पड़े और लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूडी की इस परियोजना पर कुल लागत 802.18 करोड़ रुपये है। इसमें से 643.36 करोड़ रुपये केंद्र सरकार के सीआरआईएफ से प्राप्त होंगे, जबिक 158.82 करोड़ रुपये दिल्ली सरकार की तरफ से उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के सहयोग से दिल्ली के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिल रही है।