दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना की, वहीं दिल्ली के पूर्व सीएम और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का कहना है कि उनकी लोकप्रियता घट रही है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच सियासी बयानों की बौछारें तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने आज बर्धमान जिले के कटवा में रैली के दौरान वादा किया कि बीजेपी चुनाव जीती तो घुसपैठियों को बाहर निकालने का काम करेगी। वहीं, राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर साजिश रचने का आरोप लगाया और कहा कि बीजेपी को सत्ता से बाहर रखने के लिए टीएमसी को ही वोट देना जरूरी है। इस सियासी घमासान के बीच दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता भी बीजेपी की तरफ से जोरशोर से चुनाव प्रचार में जुटी हैं। 

आज चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान सीएम गुप्ता ने कहा कि बंगाल के अधूरे सपनों को साकार करने का समय आ गया है। अब युवाओं को रोजगार, किसानों को फसलों का उचित मूल्य, महिलाओं को सम्मान और बंगाल को प्रगति चाहिए। यह सब केवल प्रधानमंत्री मोदी के शासन में ही संभव है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि यहां की जनता चाहती है कि इस बार बंगाल में मोदी सरकार बने और बंगाल प्रगति के पथ पर अग्रसर हो। 

केजरीवाल ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
उधर, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'सभी संस्थाओं पर कब्जा करने और लाखों वोटों को विभाजित करने के बाद भी, अगर मोदी जी पश्चिम बंगाल का चुनाव हार जाते हैं तो क्या होगा?' 

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की लोकप्रियता तेजी से घट रही है। देश के सामने अनगिनत चुनौतियां हैं, लेकिन प्रधानमंत्री उनका सामना करने में असमर्थ हैं। जनता का गुस्सा हर गली-मोहल्ले में सुनाई दे रहा है। देश के युवा सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी कुंठा और आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। समस्याओं का समाधान खोजने के बजाय, सरकार पर सवाल उठाने और उसकी आलोचना करने वालों को गिरफ्तार किया जा रहा है। अब सरकार ने सोशल मीडिया को ही नियंत्रित करने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि जनता में पनप रहे गुस्से की इस लहर को ऐसे नियमों से दबाया नहीं जा सकता।