उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके से एकलौती बेटी के साथ दस साल से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। बुराड़ी थाना पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, बुराड़ी इलाके में रहने वाली लड़की ने शिकायत दी कि उसका पिता पिछले दस सालों से उसका शारीरिक उत्पीड़न कर रहा है। वह धमकी देता है कि अगर किसी को भी कुछ बताया या पुलिस में गई तो जान से मार दूंगा। पुलिस ने बताया कि आरोपी के डर और दबाव के चलते पीड़ित वर्षों तक चुप रही।
पुलिस ने बताया कि लगातार दबाव के चलते पीड़िता ने फैसला लिया कि उसकी बात पर कोई भरोसा नहीं करेगा कि वह दस सालों से उसके पिता की दरिंदगी की शिकार हो रही है, लिहाजा सबूत जुटाने होंगे। इसके बाद उसने चुपके से वारदात के वीडियो रिकॉर्ड कर लिए, जिसमें कलयुगी पिता की हैवानियत कैमरे में कैद हो गई।
पुलिस ने बताया कि शुरुआत में पीड़िता की कहानी पर भरोसा नहीं हुआ, लेकिन जब सबूत दिखाए तो तुरंत आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ चल रही है। आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिले, इसके लिए आवश्यक सबूत जुटाए जा रहे हैं।