Bulldozer Action in Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के तहत करीब 70 हजार वर्ग मीटर जमीन को कब्जा मुक्त करवा लिया गया है। इस जमीन की कीमत करीब 350 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह और विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह की देख-रेख में की गई है। ग्राम दयानतपुर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ 70 हजार वर्ग मीटर जमीन को JCB मशीन के द्वारा कब्जा मुक्त करवाया गया। बताया जा रहा है कि इस जमीन पर बाहरी लोगों द्वारा अवैध रूप से जमीन खरीद कर बाउंड्री वॉल बनाकर कब्जा कर लिया था, जिसे प्राधिकरण ने हटाकर जमीन को फिर से अपने कब्जे में ले लिया।
अवैध निर्माण के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
जेवर एयरपोर्ट से संबंधित सेक्टर और 60 मीटर रोड को भी अवैध अतिक्रमण से मुक्त करवा लिया गया है, जिसे नोएडा एयरपोर्ट का कनेक्टिविटी मार्ग माना जाता है। यमुना प्राधिकरण द्वारा कहा गया है कि अधिसूचित एरिया में किसी भी तरह का अवैध कब्जा या निर्माण को किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। अगर कोई अवैध कब्जा या निर्माण करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यमुना प्राधिकरण के द्वारा कहा गया है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।