आम आदमी पार्टी ने आज दिल्ली में अनोखा विरोध प्रदर्शन करके गैस सिलेंडर की किल्लत के मुद्दे को उठाया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

राजधानी दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कथित कमी को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूर्वी दिल्ली में अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।

पूर्वी दिल्ली में चांद सिनेमा के पास पार्टी कार्यकर्ताओं ने बैंड-बाजे के साथ शोभायात्रा निकालकर गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर प्रदर्शन किया। इस मार्च में बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में गैस सिलेंडर और बैनर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और गैस आपूर्ति को लेकर अपनी चिंता जाहिर की।

वार्ड पार्षद विजय कुमार ने इस कार्यक्रम का नेतृत्व किया, जबकि कुलदीप कुमार भी मौजूद रहे। इस दौरान पार्षद विजय कुमार ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर की कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इस वजह से लोगों को गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पार्षद विजय कुमार ने कहा कि नोटबंदी और कोरोना महामारी के दौरान लोगों को कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ा था और अब गैस सिलेंडर के लिए भी लाइन में लगना पड़ रहा है। उनके मुताबिक कई लोग गैस एजेंसियों के बार-बार चक्कर काटने को मजबूर हैं, जिससे घरेलू कामकाज और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार गैस आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

दूसरी ओर, केंद्र सरकार ने गैस किल्लत के आरोपों को खारिज किया है। सरकार का कहना है कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। सरकारी पक्ष के अनुसार वितरण व्यवस्था में किसी तरह की बड़ी समस्या नहीं है और लोगों को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने भी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वालों को सख्त चेतावनी दी है। साथ ही, अन्य दलों से भी एकसाथ खड़ा होकर इस चुनौती का सामना करने और जल्द ही स्थिति के पूरी तरह से सामान्य हो जाने का भरोसा दिया है।