Noida News: 80 साल के चित्रकार को 20 साल के कारावास की सजा, नाबालिग से दुष्कर्म का है दोषी

Noida Rape Case: नोएडा में एक 80 साल के चित्रकार को नाबालिग से दुष्कर्म का दोषी पाए जाने पर कोर्ट ने 20 साल के कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही उस पर जुर्माना लगाया गया है। नोएडा पुलिस की ओर से इसकी जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि बुधवार को गौतमबुद्ध नगर के जिला एवं सत्र न्यायालय में अतिरिक्त सत्र एवं विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) प्रथम की अदालत ने नाबालिग से रेप के मामले में चित्रकार मोरिस राइडर को दोषी करार गया।
कोर्ट ने दोषी को 20 साल के कारावास की सजा सुनाने के साथ 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। साथ ही यह भी कहा गया कि अगर दोषी जुर्माना नहीं चुकाता है, तो उसे 1 और साल कारावास में बिताना होगा। इसके अलावा 2 अन्य धाराओं के तहत उसके ऊपर 7 हजार का जुर्माना भी लगाया गया है।
क्या है पूरा मामला?
अदालत में सरकारी एडवोकेट ने बताया कि दोषी चित्रकार मोरिस राइडर (80) नोएडा के सेक्टर-46 में रहता है। उन्होंने बताया कि पीड़िता ने 14 मई 2022 को नोएडा के कोतवाली सेक्टर-39 में चित्रकार मोरिस राइडर के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। एडवोकेट ने बताया कि दोषी ने जब साल 2015 में पीड़िता से पहली बार दुष्कर्म किया, तो उस समय पीड़िता की उम्र 13 साल थी। इसके अलावा उसने नोएडा में पीड़िता को बंधक बनाकर भी रखा था।
साल 2015 से 2022 तक उसने पहले डिजिटल रेप और फिर बलात्कार किया। इस दौरान वह पीड़िता को हथियार दिखाकर धमकी भी देता था। कोर्ट में पीड़ित की ओर से 7 गवाह पेश किए। इसके चलते पीड़िता के बयान के अलावा फोन पर चित्रकार की अश्लील बातों की रिकॉर्डिंग भी सबूत के तौर दिखाई गई। इसके बाद चित्रकार को दोषी करार देते हुए कोर्ट ने सजा सुनाई।
पढ़ाई के लिए पिता ने भेजा था दिल्ली
कोर्ट में बताया गया कि चित्रकार का शिमला में स्टूडियो था और वहां पर पीड़िता के पिता काम करते थे। पिता ने पीड़िता को पढ़ाई के लिए चित्रकार के पास नोएडा में भेजा था। चित्रकार ने 7 साल तक लड़की का यौन शोषण किया। साथ ही उसे हथियार दिखाकर धमकी भी देता था। इसकी वजह से पीड़िता ने डर के चलते किसी को कुछ नहीं बताया।
इसके बाद 13 मई 2022 को पीड़िता की बड़ी बहन अपने पति के साथ को उससे मिलने के लिए पहुंची। पीड़िता ने अपनी बड़ी बहन को सारी बात बताई। इसके बाद बहन के साथ कोतवाली जाकर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और शिमला वापस चली गई।
ये भी पढ़ें: Grinder Gay Dating App: गे-डेटिंग एप के जरिए करते थे ठगी, पुलिस ने किया पर्दाफाश; मास्टरमाइंड समेत 4 गिरफ्तार
