Delhi Flood: दिल्ली में बाढ़ के हालातों पर की समीक्षा बैठक, पंजाब की भी मदद करेंगे

CM Rekha Gupta
X

सीएम रेखा गुप्ता ने बाढ़ के हालातों पर की समीक्षा बैठक

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में बाढ़ के हालातों पर समीक्षा बैठक की गई। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों के लिए कई निर्देश जारी किए।

दिल्ली सरकार ने पंजाब के बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव मदद देने का फैसला ले लिया है। आज सीएम रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित ऑनलाइन बैठक में दिल्ली के यमुना जलस्तर और भारी बारिश की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली सरकार के सभी मंत्री मौजूद रहे।

सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यमुना के जलस्तर और बाढ़ प्रभावित इलाकों में सातों दिन 24 घंटे निगरानी रखी जाए। राहत कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। हर दिल्लीवासी की सुरक्षा प्राथमिकता है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि टीमें पूरी तरह से सतर्क हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद हैं।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पंजाब में भी बाढ़ के हालात बने हैं, जिससे लोगों को भारी नुकसान और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए राहत सामग्री और अन्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए दिल्ली सरकार के साथ ही दिल्ली भाजपा भी सजग है।

केजरीवाल ने दिल्ली सरकार को घेरा

उधर, दिल्ली भाजपा जहां पंजाब के लोगों की मदद के लिए आगे आई है, वहीं आम आदमी पार्टी दिल्ली सरकार पर हमला बोल रही है। आज आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शास्त्री पार्क स्थित राहत शिविर का दौरा कर दिल्ली की भाजपा सरकार को घेरा था। उन्होंने कहा था कि राहत शिविरों में न तो पीने का स्वच्छ पानी है और न ही लोगों को समय पर खाना मिल पा रहा है। मच्छरों की वजह से लोग परेशान हैं। इसके अलावा भी उन्होंने कई खामियां गिनवाते हुए दिल्ली सरकार से बाढ़ पीड़ितों के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। यहां पढ़िये विस्तृत खबर

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story