महासमुंद जिले में लगातार हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इसे लेकर वन विभाग की टीम ने कई गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। 

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में लगातार हाथियों का दल विचरण कर रहा है। एक दंतैल हाथी जंगल से भटककर गांव की तरफ उत्पात मचाने के लिए आ गया है। किसी तरह की कोई हानि न हो इसके लिए वन विभाग  ने 12 से अधिक गांवों को अलर्ट जारी कर दिया है। 

दरअसल, महासमुंद-गरियाबंद जिले से होते हुए एक हाथी तरजुन्गा से सरकड़ा गांव की ओर बढ़ रहा है। हाथी सूखी नदी क्रॉस कर गनियारी डैम की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसको देखते हुए वन विभाग ने 12 से ज्यादा गांवों में अलर्ट जारी किया है। इससे ग्रामीण हाथी के दहशत में जीने को मजबूर हो गए हैं। वन विभाग की टीम गांवों में माइक के जरिए ग्रामीणों से जंगल की तरफ न जाने की अपील कर रहे हैं।

बस्ती के अंदर विचरण कर रहा हाथी 

इधर, रायगढ़ में स्थित हाथी बंगुरसिया बस्ती के अंदर घुस गया है। शनिवार रात को 2 घंटे तक हाथी बस्ती के अंदर विचरण करते रहे। इसकी सूचना मिलते ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ने वहां पर डेरा जमाया हुआ है। इधर, ग्रामीण हाथी के दहशत में जीने को मजबूर हो गए हैं।

वन विभाग और ग्रामीणों की सहायता से हटाने की जा रही कोशिश

बता दें, वन विभाग और ग्रामीणों की मदद से हाथी को जंगल ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी बीच वन विभाग के अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र में सचेत रहने और जंगल की ओर ना जाने हिदायत दी है। करीब 15 से 20 हाथियों का दल रायगढ़ वन मंडल के बंगुरसिया क्षेत्र में विचरण कर रहा है।