तिल्दा नेवरा पुलिस ने 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत कार्रवाई करते हुए 8.5 किलो गांजा जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

इंदर कोटवानी- तिल्दा नेवरा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में तिल्दा नेवरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन निश्चय के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से लाखों रुपये का मादक पदार्थ जब्त किया है। इस कार्रवाई से इलाके में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट मानी जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, तिल्दा नेवरा पुलिस को बुधवार को बड़ी कामयाबी मिली, जब गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को धर दबोचा गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि, एक मोटरसाइकिल (सीजी 04 डीआर 5280) में दो युवक सूटकेस और बैग में गांजा लेकर खरोरा से तिल्दा होते हुए सांकरा की ओर जा रहे हैं।

पुलिस को देखकर एक युवक तुरंत हुआ फरार 
गौरतलब है कि, सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और जोता रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर दी। कुछ ही देर में बताए गए हुलिए के अनुसार दो युवक बाइक पर आते दिखाई दिए। इसी दौरान पीछे बैठा युवक पुलिस को देखकर बाइक से कूदकर खेतों की ओर फरार हो गया, जबकि वाहन चला रहे युवक को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया।

तलाशी में 4 लाख 25 हजार रुपये का गांजा जब्त
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सूटकेस और बैग में रखा 8 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुमान माण्डले (22 वर्ष), निवासी ग्राम सांकरा, थाना तिल्दा नेवरा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।

अवैध मादक पदार्थ और शराब के खिलाफ की जा रही कार्रवाई
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देश पर चलाए जा रहे 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत तिल्दा नेवरा पुलिस लगातार अवैध मादक पदार्थ और शराब के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। यह पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के निर्देशन में उप निरीक्षक अरुण कुमार भोई और टीम द्वारा की गई।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)