संतोष कश्यप - अंबिकापुर। सरगुजा जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ माइनिंग विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उड़नदस्ता टीम ने सीतापुर और धौरपुर थाना क्षेत्रों में रेत और गिट्टी से भरे कुल 10 वाहनों को जब्त किया है। विभाग ने साफ किया है कि, अब अवैध खनन पर किसी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी।
कार्रवाई का पूरा विवरण
माइनिंग विभाग की उड़नदस्ता टीम ने सीतापुर थाना क्षेत्र में अभियान चलाते हुए अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने बिना अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों के खनिज ले जाते हुए 7 ट्रैक्टर रेत से भरे तथा 2 हाइवा गिट्टी लोड वाहनों को हिरासत में लिया।
#सरगुजा में अवैध उत्खनन के खिलाफ माइनिंग विभाग की बड़ी कार्रवाई। सीतापुर और धौरपुर थाना क्षेत्रों से रेत व गिट्टी से भरे 10 वाहन जब्त। अभियान लगातार जारी।@SurgujaDist #IllegalSandMining #FlyingSquadRaid pic.twitter.com/w1RdEMWt39
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 10, 2026
धौरपुर में भी कार्रवाई, एक हाइवा पकड़ा गया
धौरपुर थाना क्षेत्र में भी खनिज परिवहन कर रहे एक हाइवा वाहन को जब्त किया गया। जांच में पाया गया कि वाहन अवैध रूप से गिट्टी ले जा रहा था।
खनिज अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई
सभी वाहनों को खनिज अधिनियम के तहत जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग का कहना है कि खनिज चोरी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिकारी बोले अवैध उत्खनन पर अब शून्य सहनशीलता
माइनिंग अधिकारी अनिल कुमार साहू ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा कि, 'अब अवैध उत्खनन और परिवहन पर किसी भी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि प्राकृतिक संसाधनों की लूट पर रोक लग सके।'










