Logo
सूरजपुर जिले में बीच सड़क पर जन्मदिन मनाकर पटाखे फोड़ने से अंबिकापुर-बनारस मार्ग घंटों बाधित रहा। एंबुलेंस सहित कई वाहन जाम में फंसे।

नौशाद अहमद- सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए कुछ युवकों ने बीच सड़क पर जन्मदिन की पार्टी मना डाली। पटाखे फोड़कर घंटों तक मार्ग जाम रखने का वीडियो सोशल मिडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आधा दर्जन युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। 

पुलिस के मुताबिक, यह मामला 16 फरवरी की रात का है। बताया जा रहा है कि, अंबिकापुर के कुछ युवक लटोरी चौकी क्षेत्र के सोनवाही इलाके में बीच सड़क पर बर्थडे पार्टी मना रहे थे। इस दौरान युवकों ने सड़क पर केक काटा और जमकर पटाखे फोड़े, जिससे अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
यह मार्ग रात के समय भी व्यस्त रहता है। बीच सड़क जश्न मनाने के कारण एंबुलेंस समेत कई जरूरी वाहन काफी देर तक फंसे रहे, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और संबंधित युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपियों की पहचान और पतासाजी में जुटी हुई है।

5379487