नौशाद अहमद- सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के महेशपुर गांव में दो सगे भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पहले फेंसिंग तार में करंट लगने से बड़े भाई की मौत हुई और इसके कुछ ही दिन बाद छोटे भाई ने कथित रूप से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते रविवार को खेत में लगे फेंसिंग तार की चपेट में आने से नर्मदा प्रसाद की करंट लगने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद परिवार सदमे में था। बताया जा रहा है कि बड़े भाई की असामयिक मौत से आहत छोटे भाई गणेश राम ने डर और मानसिक तनाव के चलते यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
फांसी के फंदे से लटका मिला दूसरे भाई का शव
सोमवार को गणेश राम का शव गांव के पास एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की टी-शर्ट पर लिखा था सुसाइड नोट
मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। मृतक की टी-शर्ट पर ही सुसाइड नोट जैसा संदेश लिखा मिला, जिसमें उसने अपनी पत्नी का नाम लिखते हुए 'रीना मुझे माफ कर देना' लिखा था। इस आधार पर पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि हर पहलू से जांच की जा रही है।
पीएम रिपोर्ट के बाद होगा मौत का खुलासा
यह पूरी घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र की है। लगातार दो भाइयों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग स्तब्ध हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।