लीलाधर राठी- सुकमा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए महा जन-सुनवाई अभियान आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान 9 मार्च से 13 मार्च तक पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। बस्तर संभाग के मामलों की सुनवाई 13 मार्च को जगदलपुर में होगी, जहां आयोग अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक के साथ बस्तर संभाग प्रभारी अधिवक्ता दीपिका शोरी और सदस्य सरला कोसरिया और ओजस्वी मंडावी महिलाओं के मामलों की सुनवाई करेंगी।
इस सुनवाई में बस्तर संभाग के सात जिलों से प्राप्त महिला उत्पीड़न और अन्य शिकायतों पर विस्तृत सुनवाई की जाएगी। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाली यह प्रक्रिया देर रात तक चल सकती है, ताकि अधिक से अधिक पीड़ित महिलाओं को राहत मिल सके। बस्तर संभाग प्रभारी दीपिका शोरी ने महिलाओं तक आयोग की पहुंच बढ़ाने के लिए लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में संवाद स्थापित किया है।
महिला कैदियों पहुंचकर न्यायिक प्रक्रिया को समझाया
सखी सेंटर, महिला सेल, नारी निकेतन और जेलों में बंद महिला कैदियों तक पहुंचकर उन्होंने महिलाओं की समस्याओं को समझा और उन्हें न्याय की प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया। उनके इस प्रयास से अब बस्तर की महिलाएं खुलकर अपनी बात रखने के लिए आगे आ रही हैं।