ट्रेनों के माध्यम से गांजा तस्करी के तरीकों में अब बदलाव देखने को मिल रहा है।  पहली बार वंदेभारत से गांजा तस्करी 24 किलो गांजा के साथ बिलासपुर की दो युवतियां गिरफ्तार।

रायपुर। ट्रेनों के माध्यम से गांजा तस्करी के तरीकों में अब बदलाव देखने को मिल रहा है। तस्करी के सरगना अब युवकों के साथ युवतियों को भी इस अवैध गतिविधि में शामिल कर रहे हैं। इतना ही नहीं, संदेह से बचने के लिए सामान्य एक्सप्रेस ट्रेनों के बजाय प्रीमियम ट्रेनों, जैसे वंदे भारत का उपयोग किया जा रहा है। शनिवार को रायपुर में ऐसा ही एक मामला सामने आया। 

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में बिलासपुर की दो युवतियों को गांजा तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 24 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। खास बात यह है कि स्थानीय स्तर पर गांजा तस्करी के इस मामले में पहली बार युवतियों की गिरफ्तारी हुई है।

एजेंसियों को पहले से थी तस्करी की जानकारी 
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवतियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वे पैसों के लालच में इस कार्य में शामिल हुईं। जांच में सामने आया है कि दोनों युवतियां विशाखापट्टनम से गांजा खरीदकर उसे बिलासपुर ले जाने वाली थीं। जांच एजेंसियों से बचने के लिए उन्होंने वंदे भारत ट्रेन का चयन किया, ताकि उन पर किसी को संदेह न हो। हालांकि, एजेंसियों को पहले ही इस तस्करी की सूचना मिल चुकी थी। जैसे ही दोनों रायपुर स्टेशन पर ट्रेन से उतरीं, टीम ने उनके सामान की जांच की। जांच के दौरान उनके बैग से 24 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसके बाद दोनों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।