देवराज दीपक- सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां शादी समारोह के दौरान कुछ युवकों ने दूल्हे की गाड़ी को रोककर नकली बंदूक से धमकाया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बंदूकनुमा वस्तु लेकर की डराने की कोशिश
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के नवापारा गांव का है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि, शादी समारोह के बीच कुछ युवक दूल्हे की गाड़ी को रोकते हैं और हाथ में बंदूकनुमा वस्तु लेकर डराने की कोशिश करते हैं। इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हरकत को लेकर लोगों में आक्रोश
मामले पर थाना प्रभारी राजेश चंद्रवंशी का कहना है कि, वीडियो में दिखाई दे रही बंदूक असली नहीं बल्कि नकली (लैटर) है। हालांकि, इस तरह की हरकत को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
स्थिति को लेकर उठे गंभीर सवाल
वहीं, इस घटना को लेकर देवेंद्र यादव अपडेट नामक फेसबुक पेज पर पोस्ट शेयर कर छत्तीसगढ़ सरकार को निशाने पर लिया गया है। पोस्ट में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। गौरतलब है कि, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई नहीं होने पर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)