देवराज दीपक- सारंगढ़/बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ जिले में गौ-मांस तस्करी के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोची मोहल्ला क्षेत्र से लगभग चार से पांच क्विंटल गौ-मांस बरामद किया है। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर पुलिस ने एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी, जहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस जब्त किया गया।

बताया जा रहा है कि, यह अवैध गतिविधि सिटी कोतवाली से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर संचालित हो रही थी। पुलिस टीम ने मोहल्ले के चार से पांच घरों में रेड कर मौके से मांस बरामद किया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू
सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार, लंबे समय से गौ-मांस तस्करी की सूचना मिल रही थी। सूचना की तस्दीक के बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि, मामले की गंभीरता को देखते हुए तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों पर आगे भी सख्ती जारी रहेगी।