सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बच्चा चोरी की शक पर एक ऑटो चालक को पेड़ से बांधकर बेदम पिटाई करने का मामला सामने आया है। ऑटो चालक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हो रहा है। लोगों ने ऑटो चालक की पिटाई करने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी। बड़ी बात यह है कि अब तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं की गई है। पुलिस अधिकारी शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की बात कर रहे है।
बता दें कि, मंगलवार को सोशल मीडिया में एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है जिसमें कुछ लोग एक व्यक्ति को पेड़ से बांधकर डंडे और चप्पल से पिटाई कर रहे है। यह वीडियों रिंग रोड स्थित परशुराम मंदिर के समीप का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो को लेकर अब तक जो जानकारी सामने आई है। उसके अनुसार एक नाबालिग छात्रा पैदल स्कूल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक ऑटो चालक ने छात्रा से बातचीत की कोशिश की और उसे अपनी ऑटो में बैठाकर स्कूल छोड़ने की बात कही जिससे घबराकर छात्रा वहां से भागकर पास में मौजूद एक परिचित महिला के पास पहुंच गई।
सूरजपुर जिले में बच्चा चोरी की शक पर एक ऑटो चालक को पेड़ से बांधकर बेदम पिटाई करने का मामला सामने आया है।@CG_Police @SurajpurDist pic.twitter.com/aQsl5olkRV
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 11, 2026
महिला ने तुरंत छात्रा की मां को फोन कर घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में छात्रा की मां मौके पर पहुंची और बेटी को लेकर घर लौटने लगी। इस दौरान परशुराम मंदिर के पास वही ऑटो खड़ी दिखाई दी, ऑटो को देखते ही छात्रा की मां ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। भीड़ ने बच्चा चोरी की आशंका जताते हुए ऑटो चालक को पकड़ लिया और पास के एक पेड़ से बांध दिया और उसकी डंडे, चप्पल से बेदम पिटाई कर दी गई।
नहीं की गई है शिकायत
सरगुजा एसएसपी प्रशांत ठाकुर ने बताया कि, ऑटो चालक शराब के नशे में धुत था और रास्ता चलते हुए बच्ची को ऑटो में बैठाने का प्रयास किया। ऑटो चालक को बच्चा चोर समझकर उसकी पिटाई की गई। चालक की तरफ से कोई शिकायत नहीं की गई है। शिकायत मिलने और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।









