Logo
election banner
छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार में इकलौती महिला मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े महज 30 साल की हैं। अपने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचीं तो अफसरों को बिलकुल साफ शब्दों में संदेश उन्होंने दिया। 

नौशाद अहमद-सूरजपुर। आप लोग इस गलतफहमी में ना रहें कि, आपके क्षेत्र की विधायक और मंत्री सीधी-सादी है। भोली-भाली है... उसे समझाकर हम अपना काम चला लेंगे। यदि हमारे कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान तुरंत नहीं हुआ... तो फिर आप लोग सोच लीजिए।
सरगुजा के भटगांव क्षेत्र से पहली बार विधायक बनीं महज 30 साल की भाजपा नेत्री और अब छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ऐसा मंच से कह रही हैं। दरअसल मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े कार्यकर्ताओं से भेंट-मुलाकात करने अपने विस क्षेत्र के ओड़गी पहुंची थीं। यहां कार्यकर्ताओं के सम्मान से अभिभूत मंत्री ने मंच से अधिकारियों दो टूक शब्दों में कहा कि, पिछले सरकार में क्या हुआ... उससे मतलब नहीं है। लेकिन अब कोई अधिकारी कार्यकर्ताओं को परेशान करेगा तो उसकी खैर नहीं। अगर अफसरों को लगता है कि यह मंत्री सीधी-सादी है.. उससे कह बोलकर काम निकाल लेंगे... तो यह उनकी गलतफहमी है। इस दौरान वे पुलिसवालों का खास तौर पर उल्लेख करती हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग का भी नाम लेती हैं। वे कहती हैं कि, कोई कार्यकर्ता आपके पास किसी भी आम आदमी की समस्या लेकर आता है तो उसे प्राथमिकता देनी होगी। 

साय मंत्रिमंडल में इकलौती महिला मंत्री
सरगुजा संभाग और सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र से लक्ष्मी राजवाड़े पहली बार विधायक निर्वाचित हुई हैं। वह मंत्रिमंडल की इकलौती महिला मंत्री हैं। सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड के ग्राम वीरपुर की निवासी लक्ष्मी राजवाड़े पहली बार जनपद सदस्य के पद पर निर्वाचित हुई थीं। लक्ष्मी राजवाड़े वर्तमान में जिला पंचायत सूरजपुर के सदस्य के अलावा बीजेपी महिला मोर्चा सूरजपुर की जिला अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने पिछले पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी जीता। लक्ष्मी ने बीए सेकंड ईयर तक की पढ़ाई की है। 

महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रहीं
उल्लेखनीय है कि, लक्ष्मी राजवाड़े शुरू से ही बीजेपी संगठन में सक्रिय रही हैं। वे प्रदेश संगठन द्वारा दिए दायित्वों का बखूबी निर्वहन करती रही हैं। यही वजह है कि उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें प्रदेश संगठन ने बीजेपी महिला मोर्चा सूरजपुर जिला अध्यक्ष नियुक्त किया। साथ ही बीजेपी ने विधानसभा चुनाव से दो महीने पहले ही लक्ष्मी राजवाड़े का नाम भटगांव विधानसभा से फाइनल कर दिया था। जिसका लाभ उठाते हुए लक्ष्मी राजवाड़े ने क्षेत्र में दिन रात एक कर संघर्ष किया और भटगांव से लगातार दो बार विधायक रहे पारसनाथ राजवाड़े को हराकर जीत भी हासिल की।

आत्मविश्वास से भरी हुई हैं लक्ष्मी
शपथ ग्रहण करने के बाद ही लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा था कि, 'बीजेपी ने मेरे जैसे छोटे पार्टी कार्यकर्ता को मौका दिया है। मुझे खुशी है कि मैं सिर्फ भटगांव विधानसभा क्षेत्र का ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य का प्रतिनिधित्व करूंगी। पीएम मोदी की गारंटी में सब कुछ संभव है। महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए पार्टी के निर्देशानुसार काम करूंगी।

jindal steel Ad
5379487