कांकेर। शादी समारोह से लौट रहा एक सिपाही का परिवार गुरुवार रात भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। इसमें उनके परिवार के 4 लोगों सहित छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक तेज रफ्तार की वजह से ज्यादा नुकसान हुआ है। जिस दूसरी कार से भिड़ंत हुई, उसमें सवार दोनों युवक शराब के नशे में थे।
आरक्षक मुकुंद मंडावी के परिवार के 6 सदस्य और चालक 9 अप्रैल को उड़कुड़ा से चिंवराज परिवारिक शादी में शामिल होने गए थे और शादी से वापिस अपने गांव उड़कुड़ा के लिए जा रहे थे, तभी बीती रात को लगभग साढ़े 11 बजे सामने की ओर से आ रही स्विफ्ट कार क्रमांक सीजी 19 बीई 4451 से टकरा गए।
कार में सवार दो युवक लखनुपरी से अपने गांव नाथियानवागांव जा रहे थे
इस कार में सवार दो युवक लखनुपरी से अपने गांव नाथियानवागांव जा रहे थे। दोनो कार में आपस में भिड़त इतनी तेज थी कि वाहन के सामने का हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया था। स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक सीजी 19 बीडब्ल्यू में सात लोग सवार थे, जिसमें पीछे बैठक एक व्यक्ति मुकेश उसेंडी पिता महरू उसेंडी निवासी उड़कुड़ा की जान बच सकी और 6 की मौके पर मौत हो गई।
मृतकों में 4 एक ही परिवार के
मृतकों में सभी उड़कुड़ा के रहने वाले थे। इनमें 6 में से 4 एक ही परिवार के थे। दुधावा पुलिस चौकी में पदस्थ जवान मुकुंद मंडावी की पत्नी कुंती मंडावी 50 वर्ष निवासी उड़कुड़ा, दामाद सगुनदास नेताम पिता गाड़ाराम नेताम उम्र 53 वर्ष निवासी लखनपुरी, बहन मुक्तुला नेताम पति सुगुनदास नेताम 48 वर्ष, 8 वर्षीय भांजा वंश नेताम पिता सगुनदास, जहुरा जुरी पति स्व. लोकेश्वर जुरी उम्र 50 वर्ष निवासी उड़कुड़ा और वाहन चालक दिना यादव उम्र 40 वर्ष निवासी उड़कुड़ा की मौके पर मौत हो गई। इस वाहन में सवार पीछे बैठे मुकेश उसेंडी निवासी उड़कुडा गंभीर रूप से घायल थे, जिनको बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)