रतनपुर महामाया मंदिर ट्रस्ट के तत्वाधान में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 125 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह के पवित्र बंधन में बंधे।

प्रेम सोमवंशी- कोटा। पावन पर्व अक्षय तृतीया पर आस्था, परंपरा और सामाजिक सरोकार का भव्य संगम देखने को मिला। जहां रतनपुर महामाया मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 125 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह के पवित्र बंधन में बंधे।

वही पंडित विद्या शंकर और दुर्गा शंकर के मंत्रोच्चार के बीच संपन्न इस आयोजन में सात फेरों के साथ नवविवाहित जोड़ों ने जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। समारोह स्थल पर भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा, जहां बड़ी संख्या में मौजूद परिजन और अतिथियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद दिया। 

जोड़ों को शादी का जोड़ा, मंगलसूत्र, 5100 रुपये दिए गए 
ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक जोड़े को शादी का जोड़ा, मंगलसूत्र, ₹5100 नगद और अन्य उपयोगी उपहार प्रदान किए गए, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली। बढ़ते दिखावे और खर्चीले विवाह के दौर में यह आयोजन सादगी, सहयोग और सामाजिक समरसता का मजबूत संदेश देता नजर आया। 125 जोड़ों के लिए यह समारोह नई जिंदगी की शुरुआत के साथ खुशियों की सौगात बन गया।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)