श्यामकिशोर शर्मा - राजिम। गरियाबंद जिले में राजिम से छुरा तक का सफर अब जल्द ही सुगम और सुरक्षित होने जा रहा है। क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग और विधायक रोहित साहू के सतत् प्रयासों के परिणामस्वरूप छुरा-राजिम व्हाया कौन्दकेरा-तरीघाट मार्ग के चौड़ीकरण और उन्नयन को 145 करोड़ 62 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। लोक निर्माण विभाग की मंजूरी के साथ इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
वर्षों पुरानी मांग को मिली मंजूरी
राजिम-छुरा मार्ग की जर्जर और संकरी स्थिति के कारण लंबे समय से दुर्घटनाएँ बढ़ रही थीं। यह मार्ग राजिम कुंभ और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान प्रमुख यातायात केंद्र भी रहता है। नागरिकों की लगातार मांग को देखते हुए विधायक रोहित साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के समक्ष इस विषय को बार-बार मजबूती से रखा।
दर्जनों गांव होंगे लाभान्वित
नए चौड़ीकरण और उन्नयन से बेलटुकरी, भैंसातरा, कौन्दकेरा, सेमराडीह, तरीघाट, कुंडेल, छुईहा, जमाही, जुनवानी, पक्तियाँ, मंडेली और लोहझर जैसे कई गांव सीधे इस मजबूत मार्ग से जुड़ेंगे। सड़क निर्माण से-
- आवागमन होगा तेज और सुरक्षित
- व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
- समय और संसाधनों की होगी बचत
- जतमई और घटारानी जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुँचना आसान होगा
राजिम विधानसभा की मध्यरेखा तैयार- विधायक रोहित साहू
विधायक रोहित साहू ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए जीवनरेखा साबित होगी। उनके अनुसार यह चौड़ीकरण क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग थी, बेहतर कनेक्टिविटी, कम समय में यात्रा, व्यापार में वृद्धि और पर्यटन को मजबूती मिलेगी, छुरा और राजिम के बीच व्यापार और आवागमन तेज होगा और दोहरी सरकार (केंद्र और राज्य में BJP) से विकास को मिल रही है डबल गति। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निविदा प्रक्रिया तेजी से पूरी कर निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए।
क्षेत्रवासियों ने विधायक निवास पहुँचकर जताया आभार
स्वीकृति की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक नेता और बड़ी संख्या में ग्रामीण विधायक रोहित साहू के निवास पहुँचे और उनका आभार व्यक्त किया।
आभार जताने वालों में प्रमुख रूप से- महेश यादव, इंद्राणी नेहरू साहू, लुकेश्वरी निषाद, सतीश यादव, थानसिंह निषाद, भारत यादव, लता ध्रुव, बलराज पटेल, दिशांक चंद्राकर, भवानीशंकर सेन, संतोष ध्रुव, धर्मेंद्र चंद्राकर, वेदिका वासनिक, निखिलेश साहू, भुनेश्वर डहरिया, रोशन चंद्राकर, भोला, सुरेश पटेल, भारत यादव, तुलेश पटेल, बलराम यादव, आकाश राजपूत, कुलेश्वर साहू समेत अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहे।