रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने 10 महिलाओं को ‘लक्ष्मी सखी मिलेट कार्ट’ वितरित किए, जिससे महिलाओं को नया रोजगार मिला।

रायपुर। महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत रायपुर में ‘लक्ष्मी सखी मिलेट कार्ट वितरण कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने 10 हितग्राही महिलाओं को मिलेट कार्ट वितरित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित किया।

महिलाओं को मिला रोजगार का नया अवसर
कार्यक्रम के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जितनी अधिक महिलाएं हों, उन्हें रोजगार और आजीविका के माध्यम उपलब्ध कराना है। मिलेट कार्ट के माध्यम से लाभार्थी महिलाएं मिलेट आधारित खाद्य उत्पाद बेचकर अपनी आय बढ़ा सकेंगी। यह कदम न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान करेगा, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मिलेट उत्पादों को बढ़ावा भी देगा।

कार्ट वितरण से पहले दी गई ट्रेनिंग
विभाग की ओर से बताया गया कि महिलाओं को मिलेट कार्ट देने से पहले प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, ताकि वे मिलेट से बने विभिन्न उत्पादों की तैयारी और बिक्री को समझ सकें। प्रशिक्षण के बाद कार्ट सौंपे जाने से महिलाएं बेहतर तरीके से इस व्यवसाय को शुरू कर पाएंगी।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हुई थी पहल
मंत्री ने यह भी बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर इन महिलाओं को ठेला दिलाने की शुरुआत की गई थी। इसके बाद उन्हें प्रतिदिन 1000 रुपए तक भरण-पोषण सहायता भी दी जा रही है, ताकि वे इस व्यवसाय को स्थायी रूप से आगे बढ़ा सकें।

विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ वितरण
महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे और इस पहल को महिलाओं के लिए बड़ा कदम बताया। अधिकारियों ने कहा कि इस कार्ट के जरिए महिलाओं के लिए छोटा ही सही, लेकिन स्थायी आय का स्रोत तैयार करने पर जोर दिया गया है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)