रायपुर। महिला आरक्षण बिल गिरने के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए राज्यभर में विरोध अभियान की शुरुआत कर दी है। इसी कड़ी में आज रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पार्टी का रुख स्पष्ट करेंगे, जबकि कल राजधानी में महिला जनआक्रोश पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा।
आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए BJP का हमला
भाजपा महिला आरक्षण बिल के मुद्दे को लेकर कांग्रेस को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी के तहत आज दोपहर 12 बजे रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और अरुण सिंह संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान वे कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोल सकते हैं। साथ ही प्रदेश, संभाग और जिला स्तर पर भी पार्टी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर एक साथ पूरे राज्य में माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
रायपुर में कल महिला जनआक्रोश पदयात्रा
राजधानी रायपुर में भाजपा द्वारा आयोजित महिला जनआक्रोश पदयात्रा को इस अभियान का प्रमुख कार्यक्रम माना जा रहा है। यह पदयात्रा कल दोपहर 3 बजे इंडोर स्टेडियम से शुरू होगी और सुभाष स्टेडियम पहुंचकर सम्मेलन के साथ समाप्त होगी। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और नेताओं के शामिल होने की संभावना है, जिससे पार्टी अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगी।
पूरे प्रदेश में दो दिवसीय महिला पदयात्राएं
भाजपा ने इस आंदोलन को केवल रायपुर तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि इसे राज्यव्यापी अभियान का रूप दिया है। 20 और 21 अप्रैल को प्रदेशभर में महिला पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी महिला सुरक्षा, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है।
23–24 अप्रैल को जनआक्रोश महिला सम्मेलन
आंदोलन के अगले चरण में भाजपा 23 और 24 अप्रैल को जनआक्रोश महिला सम्मेलन आयोजित करेगी। इन सम्मेलनों में प्रदेशभर से महिला कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे। पार्टी इस आयोजन के जरिए न केवल महिला सशक्तिकरण का संदेश देना चाहती है, बल्कि कांग्रेस पर राजनीतिक दबाव भी बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)