रायपुर। होली अवकाश के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से फिर शुरू हो रहा है। सुबह 11 बजे से सदन की कार्यवाही प्रारंभ होगी, जिसमें सबसे पहले प्रश्नकाल के दौरान विधायक सरकार से विभिन्न विभागों से जुड़े सवाल पूछेंगे। मुख्यमंत्री और मंत्री भी सदन में कई महत्वपूर्ण वार्षिक प्रतिवेदन पेश करेंगे।
सत्र के दौरान वन अधिकार पट्टा वितरण और उद्योग नीति के उल्लंघन से जुड़े मामलों पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाए जाने की संभावना है। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 की अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी, जिसमें पुलिस, सड़क-पुल, नगरीय प्रशासन, खेल और पंचायत जैसे महत्वपूर्ण विभाग शामिल रहेंगे।
सरकार को घेरने की तैयारी
वहीं आज सदन में दुर्ग जिले के समोदा गांव में सामने आए अफीम खेती मामले को लेकर भी जोरदार हंगामे के आसार हैं। विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की गिरफ्तारी को लेकर भी सदन में तीखी बहस हो सकती है।
अफीम कांड पर विस्तृत चर्चा की मांग
बताया जा रहा है कि, कांग्रेस इस मामले को लेकर काम रोको प्रस्ताव ला सकती है और अफीम कांड पर विस्तृत चर्चा की मांग कर सकती है। ऐसे में आज का विधानसभा सत्र राजनीतिक रूप से काफी गरम रहने की संभावना जताई जा रही है।