रायपुर। राजधानी रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और लगातार लगने वाले जाम को देखते हुए पुलिस ने नया कदम उठाया है। शहरवासियों की सुविधा के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जिस पर कॉल करके जाम की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाई जा सकती है। साथ ही गूगल मैप के जरिए ट्रैफिक की रियल-टाइम मॉनिटरिंग भी शुरू कर दी गई है।
जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर
रायपुर पुलिस ने जाम की स्थिति पर तत्काल कार्रवाई के लिए 9479210632 नंबर जारी किया है। इस नंबर पर शहरवासी सीधे कॉल कर सकते हैं। जाम की जगह, समय व स्थिति की जानकारी देने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर भेजी जाएगी। पुलिस का मानना है कि इससे ट्रैफिक को तेज़ी से सामान्य करने में मदद मिलेगी।
गूगल मैप से रियल-टाइम ट्रैकिंग
पुलिस अब गूगल मैप के डेटा के आधार पर शहर की सड़कों की लाइव स्थिति पर नजर रख रही है। मैप पर हरा, नारंगी और लाल रंग दिखाकर जाम की तीव्रता बताई जाएगी। इस टेक्नोलॉजी के उपयोग से ट्रैफिक टीम तुरंत भीड़ वाले इलाकों की पहचान कर वहां बल भेज सकेगी।
शहरवासियों को मिलेगी राहत
पुलिस का कहना है कि नई व्यवस्था से रोजाना आने-जाने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। जाम वाली जगहों पर जल्द राहत, ट्रैफिक फ्लो का बेहतर प्रबंधन, ऑफिस टाइम और स्कूल टाइम में भीड़ नियंत्रित करने में मदद और परियोजना के अच्छे परिणाम आने पर इसे और उन्नत करने की योजना भी है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)