रायपुर। प्रेस क्लब खेल मड़ई के अंतर्गत आयोजित स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में दर्शकों का उत्साह बना हुआ है। सुभाष स्टेडियम में शनिवार को खेले गए मैच में वीडियो जर्नलिस्ट ने दैनिक भास्कर को 7 विकेट से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
दैनिक भास्कर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 7 विकेट पर 98 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दैनिक भास्कर टीम के टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज ज्यादा रन नहीं बना पाए और जल्दी- जल्दी पैवेलियन लौट गए। सलामी बल्लेबाज विनोद कुमार बिना खाता खोले इकराम कुरैशी की गेंद पर कैच आउट हो गए। इसके बाद आये राकेश पांडे और प्रशांत गुप्ता थोड़ा रन जोड़ने की कोशिश की, लेकिन वे दोनों जल्दी ही पैवेलियन लौट गए। राकेश पांडेय 6 रन और प्रशान्त गुप्ता 9 रन बनाए। इसके बाद आये अमिताभ दुबे जैनी राम ने पारी संभालने की कोशिश की। संभलकर खेल रहे जैनी राम गेंद को बाउंड्री पार भेजने के चक्कर मे सुनील की गेंद पर मनीष को कैच थमा बैठे।
कप्तान कौशल स्वर्णबेर ने संभाली पारी
जैनी राम ने दो चौके और एक छक्का की मदद से 12 गेंदों में 18 रन बनाए। इसके बाद आये होमेन्द्र साहू ने पारी संभाली। दूसरे छोर पर संभलकर खेल रहे अमिताभ दुबे 8 रन के निजी स्कोर पर रनआउट हो गए। फिर कप्तान कौशल स्वर्णबेर ने पारी संभालते हुए एक चौका एक छक्का की मदद से नाबाद 13 रन बनाए। वहीं होमेन्द्र साहू भी 19 रन बनाकर कैच आउट हो गए। इसके बाद आये अमृत राज भी 2 रन बनाकर पैवेलियन लौट गए। वीडियो जर्नलिस्ट की ओर से एकराम कुरैशी सफल गेंदबाज रहे। जिन्होंने 2 विकेट झटके, जबकि सुनील, टाकेश्वर और होरी साहू ने एक - एक बल्लेबाज को पैवेलियन भेजा।
वीडियो जर्नलिस्ट ने 8.4 ओवर में 7 विकेट से जीता मैच
जवाब में वीडियो जर्नलिस्ट ने 8.4 ओवर में 3 विकेट पर 102 रन बनाकर 7 विकेट से मैच जीत लिया। टीम की ओर से हर्ष होरी साहू ने 58 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 28 गेंदों में 5 चौके और 5 आसमानी छक्के जड़े। वहीं मनीष हरपाल ने दो चौके और दो छक्के की मदद से 15 गेंदों में 24 रन बनाए। इकराम कुरैशी ने 9 रन का योगदान दिया। दैनिक भास्कर की ओर से प्रशांत गुप्ता, राकेश पांडेय और शिवम को एक- एक विकेट लेने में सफलता मिली। कार्यक्रम के अतिथि विधायक संदीप साहू और छत्तीसगढ़ वॉच के संपादक रामावतार तिवारी ने शानदार प्रदर्शन के लिए वीडियो जर्नलिस्ट के हर्ष होरी साहू को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया। रविवार 8 फरवरी को एशियन न्यूज़ और डीबी डिजिटल के बीच मैच खेला जाएगा।
ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
इस दौरान रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव भूपेश जांगड़े, खेल मड़ई के संयोजक विजय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और खेलप्रेमी मौजूद थे। वैदुर्य निगम और अनुराग ने अंपायरिंग की, पी रामाराव नायडू ने स्कोरर की भूमिका निभाई। विजय मिश्रा ने छत्तीसगढ़ी में मैच का आंखों देखा हाल सुना दर्शकों को रोमांचित कर उनका खूब मनोरंजन किया। दर्शकों का कहना है मैच से ज्यादा मजा तो मैच की कामेंट्री में आया।