छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने 18 मार्च को प्रदेशभर के जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में जंगी प्रदर्शन का ऐलान किया है।

रायपुर। प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की लंबित मांगों को लेकर 18 मार्च को बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने राज्यभर में एक साथ जंगी प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। फेडरेशन के आह्वान पर प्रदेश के सभी जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में कर्मचारी एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करेंगे।

फेडरेशन के मुताबिक, लंबे समय से लंबित विभिन्न मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से यह प्रदर्शन किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि, उनकी कई महत्वपूर्ण मांगें वर्षों से लंबित हैं, जिन पर अब तक ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

पदोन्नति समयमान वेतनमान प्रदान करने की मांग 
प्रमुख मांगों में जुलाई 2016 से लंबित महंगाई भत्ता (डीए) एरियर्स की राशि को कर्मचारियों के जीपीएफ खातों में समायोजित करने की मांग शामिल है। इसके साथ ही प्रदेश के कर्मचारियों को चार स्तरीय पदोन्नति समयमान वेतनमान प्रदान करने की मांग भी उठाई जा रही है।

तेज किया जा सकता है आंदोलन 
फेडरेशन का कहना है कि, यदि सरकार जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो कर्मचारियों का आंदोलन और भी तेज किया जा सकता है। 18 मार्च को होने वाले इस राज्यव्यापी प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।