रायपुर। जयपुर के सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी में आयोजित ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवार्ड-2026 में रायपुर की साहित्यकार और समाजसेविका शुभा शुक्ला निशा को अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नवाज़ा गया। समारोह भव्या फाउंडेशन द्वारा आयोजित था, जिसमें देश-विदेश के 200 प्रतिभागियों को उत्कृष्ट योगदान हेतु सम्मान प्रदान किया गया।
अंतरराष्ट्रीय मैत्री सम्मेलन का भव्य प्रारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसे समाजसेवी अशोक माहेश्वरी और एडवोकेट राजीव कुमार रंजन ने किया। पोस्टर विमोचन मंच पर कुसुम यादव (मेयर, जयपुर हेरिटेज) एवं कई वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। पूरा आयोजन कैंसर पीड़ितों, ऑटिस्टिक बच्चों और विशेष योग्यजन वर्ग को समर्पित रहा।
विशेष योग्यजन बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति
कार्यक्रम का आकर्षण ऑटिस्टिक और विशेष योग्यजन बच्चों के प्रस्तुतिक्रम रहे। विभिन्न समूहों ने संगीत, नृत्य और वादन से दर्शकों को प्रभावित किया। इन बच्चों को उनके उत्कृष्ट कार्य और प्रतिभा के लिए मंच पर सम्मानित भी किया गया, जिससे समारोह की महत्वपूर्ण गरिमा और बढ़ गई।
शुभा शुक्ला निशा को अंतरराष्ट्रीय सम्मान
रायपुर की वरिष्ठ कवियित्री और समाजसेविका शुभा शुक्ला निशा को भव्या फाउंडेशन द्वारा छत्तीसगढ़ की ब्रांड एम्बेसडर के रूप में सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मुख्य अतिथि अशोक माहेश्वरी द्वारा उन्हें ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवार्ड–2026 से अलंकृत किया गया। यह सम्मान उन्हें सामाजिक योगदान, साहित्यिक रचनाओं तथा समाजसेवा के लिए प्रदान किया गया, जिसने रायपुर ही नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया।
विशिष्ट महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान और रैंपवॉक
डॉ. नीता शर्मा, परमिला बेदी, माधुरी विष्णु गोवलकर, सुरभि माथुर और वान्या श्रीवास्तव द्वारा विशिष्ट महिलाओं को उनके-अपने प्रांतों के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में चुना गया। बाद में इन सभी ब्रांड एम्बेसडर ने मंच पर एक साथ रैंपवॉक कर कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बढ़ाया।
पुस्तकों का विमोचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
मंच पर कई साहित्यकारों की पुस्तकों का विमोचन किया गया। कार्यक्रम को और आकर्षक बनाने के लिए संस्कृति दीक्षित, अनुज माथुर, आरती वर्मा और अनाबिया खान ने नृत्य, गायन, मिमिक्री और ज्ञान-विज्ञान आधारित प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहा। संचालन आकाशवाणी की RJ सपना ने संभाला और पूरे कार्यक्रम को सहजता और प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।