रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक युवक ने एम्स में नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवती से छह लाख रुपये ठग लिए। इसके साथ ही आरोपी ने दुष्कर्म कर उसका वीडियो बना लिया और ब्लैकमेल करने लगा। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी रितेश चंद्राकर को कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम पुलिस द्वारा रितेश चंद्राकर बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, कवर्धा जिले के पांडातराई निवासी रितेश चंद्राकर ने सोशल मीडिया के जरिए युवती से दोस्ती की। बातचीत के दौरान उसने खुद को रायपुर एम्स में कार्यरत बताया और वहां के अधिकारियों से ऊंची पहुंच होने का दावा किया। आरोपी ने पीड़िता को भरोसा दिलाया कि वह उसकी नौकरी एम्स में लगवा देगा। जिसके बाद आरोपी युवक ने अलग-अलग किस्तों में युवती से करीब छह लाख रुपये ले लिए।
फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर ऐंठे पैसे
आरोपी ने विश्वास जमाने के लिए युवती को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दे दिया। इसके बाद आरोपी ने उसे आमानाका स्थित एक होटल में बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म कर उसका वीडियो बना लिया। पैसे मांगने पर वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था। जब युवती ज्वाइनिंग लेटर लेकर एम्स पहुंची, तब उसे पता चला कि दस्तावेज फर्जी हैं और उसके साथ ठगी हुई है। इसके बाद उसने आमनाका थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था। सूचना के आधार पर आरोपी को कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया।









