रायपुर जिले में आदिवासी संस्कृति पर कंटेंट बनाने वाली निवेदिता मंडावी को गैंगरेप और किडनैपिंग की धमकी देने का मामला सामने आया। पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की चर्चित कंटेंट क्रिएटर निवेदिता मंडावी को सोशल मीडिया पर मिली गैंगरेप और अपहरण की धमकियों ने प्रदेश में सनसनी फैला दी है। इंस्टाग्राम पर संचालित एक 'नशा मुक्ति' ग्रुप के नाम पर चल रही इस साजिश का खुलासा तब हुआ, जब आरोपियों के आपत्तिजनक चैट्स पीड़िता तक पहुंचे। मामले के सामने आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, इंस्टाग्राम पर एक ग्रुप 'नशा मुक्ति' के नाम से चलाया जा रहा था, जिसमें कुछ युवक निवेदिता मंडावी की तस्वीरें साझा कर उनके खिलाफ अश्लील टिप्पणियां कर रहे थे। इतना ही नहीं, चैट्स में उनके अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म जैसी गंभीर आपराधिक साजिश की बातें भी सामने आईं। करीब दो महीने पहले लीक हुए इन चैट्स के जरिए इस घिनौनी योजना का खुलासा हुआ। बता दें कि, निवेदिता के पिता पुलिस विभाग में DSP के पद पर हैं।

तेजी से सोशल मीडिया में हुआ वायरल
इस मामले की जानकारी मिलने पर निवेदिता मंडावी ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और इस संबंध में एक वीडियो भी साझा किया, जिसके बाद यह मामला तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

सोशल मीडिया पर लोग कर रहे समर्थन
घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में यूजर्स निवेदिता के समर्थन में वीडियो और पोस्ट साझा कर रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कई लोगों ने इसे समाज और सोशल मीडिया की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया है।

पाँचों आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
केशकाल थाना प्रभारी विकास बघेल के अनुसार, इंस्टाग्राम ग्रुप में अश्लील टिप्पणियां और आपराधिक साजिश रचने के आरोप में 5 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी आरोपी केशकाल, भानुप्रतापपुर और कोंडागांव क्षेत्र के निवासी हैं। उन्होंने आगे कहा कि, पहले रायपुर में जीरो FIR दर्ज की गई थी, जिसके बाद मामला केशकाल ट्रांसफर कर विधिवत रिपोर्ट दर्ज की गई। आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)