रायपुर। औचक निरीक्षण के लिए जिला अस्पताल पहुंचे कलेक्टर गौरव सिंह गंदगी और वीडियो कांफ्रेसिंग रूम की टूटी खिड़की देखकर भड़क गए। दवाओं के रखरखाव में भी कोताही बरतने के मामले में उन्होंने एक कर्मचारी की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए और सिविल सर्जन को नोटिस थमा दिया। आने वाली गर्मी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने हीट-वे की तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए।
डॉ. गौरव सिंह अन्य अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण पर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल के निरीक्षण के साथ वहां भर्ती मरीजों से बातचीत कर मिलने वाले उपचार से संतुष्टि के बारे में जानने का प्रयास किया। कलेक्टर ने अस्पताल में दवाइयों के स्टॉक रजिस्टर और स्टोर में मौजूद दवाइयों का मिलान किया। उन्होंने कालातीत दवाइयों का सही तरीके से निष्पादन करने के साथ ही सभी आंकड़े रजिस्टर के साथ-साथ कंप्यूटर में भी रिकॉर्ड और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

सफाई न होने पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान उनकी नजर ई-कोर्ट वीडियो कांफ्रेंस कक्ष का निरीक्षण किया और खिड़की टूटी होने और सफाई न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल प्रभाव से डॉक्टरों के कोर्ट अपीयरेंस को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टोर रूम जाकर वहां की व्यवस्था को सुधारने कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने गर्मी के दिनों में मरीजों के इलाज के लिए बनाए गए वार्ड का निरीक्षण किया और आने वाले दिनों के हिसाब से उसे व्यवस्थित करने की हिदायत दी। जांच के दौरान उन्होंने काम में लापरवाही बरतने के लिए जीवनदीप समिति के कर्मचारी सूरज सोनी का वृद्धि रोकने के निर्देश दिए, साथ ही डॉ सिंह ने सिविल सर्जन को लापरवाही बरतने पर नोटिस भी जारी किया।









