धरसीवां के धनेली और बेलटुकरी में मड़ई मेले के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने 58 लाख के सामुदायिक भवन और 5 लाख की CC रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

रायपुर। धरसीवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम धनेली और बेलटुकरी में आयोजित वार्षिक मड़ई मेले में शामिल होकर ग्रामीणों को दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मेले की रौनक के बीच ग्राम धनेली में 58 लाख की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन और बेलटुकरी में 5 लाख की CC रोड निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन व शिलान्यास किया गया।

मेले की धूम- ढोल-नगाड़ों से हुआ स्वागत
मड़ई मेले में पहुंचने पर ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और पारंपरिक स्वागत के साथ विधायक का अभिनंदन किया। विधायक ने मेला परिसर का भ्रमण कर दुकानदारों, ग्रामीणों और मेलार्थियों से मुलाकात की।

धनेली को मिला 58 लाख का सामुदायिक भवन
धनेली में शिलान्यास किए गए सामुदायिक भवन को ग्रामीणों की लंबे समय से लंबित आवश्यकता बताया गया। विधायक ने कहा कि यह भवन गांव के सामाजिक कार्यक्रमों, बैठकों, आयोजनों और पारिवारिक कार्यों के लिए एक सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा 'यह सिर्फ ईंट-पत्थर की इमारत नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सुविधा का केंद्र बनेगा। आने वाली पीढ़ियों को गर्व होगा कि यह भवन उनकी जरूरतों को पूरा करता है।' विधायक ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बेलटुकरी में 5 लाख की CC रोड का भूमिपूजन
बेलटुकरी में बाजार चौक क्षेत्र के लिए 5 लाख की लागत से बनने वाली CC रोड का भूमिपूजन किया गया। इस सड़क के बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और बाजार क्षेत्र में बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

विकास की निरंतरता पर जोर
विधायक ने कहा कि धनेली और आस-पास के क्षेत्रों के विकास के लिए बजट की कमी कभी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वास्तविक विकास तभी है जब सुविधा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए भरोसा जताया कि क्षेत्र के सभी लंबित और आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

ग्रामीणों ने व्यक्त किया आभार
कार्यक्रम में शामिल ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों की सौगात देने के लिए विधायक अनुज शर्मा का आभार व्यक्त किया। समारोह में रायपुर जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्याम नारंग, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, शकुंतला ढिलेन्द्र सेन सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।