रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने होने वाली उच्चस्तरीय बैठक को लेकर छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, यह बैठक सुरक्षा के साथ बस्तर की जनता के मन के अनुरूप विकास और आजीविका के नए रास्ते तय करने की दिशा में भी बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। 

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि, LWE (लेफ्ट विंग एक्सट्रीमिज़्म) क्षेत्रों के लिए दो बड़े बिंदुओं पर विशेष फोकस किया जाएगा। पहला, 31 मार्च 2026 तक बस्तर से नक्सलवाद के समापन का संकल्प, और दूसरा, बस्तर में वर्षों से रुके विकास को नई रफ्तार देने की ठोस कार्ययोजना।

इन मुद्दों पर होगी विस्तार से चर्चा
डिप्टी सीएम ने बताया कि बैठक में इस बात पर विस्तार से चर्चा होगी कि, नक्सलवाद को स्थायी रूप से कैसे समाप्त किया जाए और साथ ही क्षेत्र में विकास, आजीविका और रोजगार के अवसर कैसे सृजित हों। विकास की सोच की शुरुआत लाइवलीहुड यानी स्थानीय लोगों की आजीविका से की जाएगी, ताकि बस्तर आत्मनिर्भर और सुरक्षित भविष्य की ओर आगे बढ़ सके।

अंतिम बड़ी बैठक हो सकती है- डिप्टी सीएम शर्मा 
नक्सलवाद समाप्ति को लेकर होने वाली इस बैठक को बेहद अहम बताते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि, 31 मार्च 2026 से पहले यह संभवत: अंतिम बड़ी बैठक हो सकती है। एसीएस होम के अनुसार, पूरी जानकारी और रणनीति के साथ यह निर्णायक बैठक आयोजित की जा रही है।

बैठक में ये होंगे शामिल
इस उच्चस्तरीय बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सभी नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्री, डीजीपी, एसीएस होम सहित देशभर के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में सुरक्षा रणनीति के साथ-साथ विकास के नए मॉडल और समन्वित कार्ययोजना पर मंथन किया जाएगा।