Logo
रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई 2026 के अंतर्गत आयोजित स्व. कुलदीप निगम स्मृति इंटर प्रेस क्रिकेट स्पर्धा का खिताब इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन ने अपने नाम कर लिया।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई 2026 के अंतर्गत आयोजित स्व. कुलदीप निगम स्मृति इंटर प्रेस क्रिकेट स्पर्धा का खिताब इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में टीम ने विस्तार न्यूज को सात विकेट से पराजित करते हुए शानदार जीत दर्ज की। संयुक्त इलेक्ट्रॉनिक इलेवन के कप्तान मोहन तिवारी ने विजेता टीम की ओर से ट्रॉफी ग्रहण की। संजय सिंहदेव को मैन ऑफ द सीरीज तथा हेमंत डोंगरे को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस भव्य टूर्नामेंट में कुल 22 अलग-अलग टीमों ने भाग लिया। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया की विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन को यादगार बना दिया।

टूर्नामेंट की शुरुआत दो आकर्षक शो मैचों से हुई। पहला शो मैच संपादक इलेवन और पूर्व पदाधिकारी इलेवन के बीच खेला गया, जिसमें वरिष्ठ पत्रकारों ने खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं दूसरा शो मैच महिला पत्रकारों की टीमों के बीच आयोजित किया गया, जिसने आयोजन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।फाइनल मुकाबला नेताजी सुभाष स्टेडियम में खेला गया। विस्तार न्यूज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन निर्धारित 12 ओवर में पूरी टीम 60 रन पर सिमट गई।  

The winning team with the trophy
ट्रॉफी के साथ विजेता टीम 

इलेक्ट्रॉनिक इलेवन ने 7.1 ओवर में हासिल किया लक्ष्य 
मुकेश दरयाब ने 10 गेंदों में 20 रन बनाकर सर्वाधिक योगदान दिया। मृगेंद्र पांडे ने 8 और किशन साहू ने 6 रन जोड़े। संयुक्त इलेक्ट्रॉनिक इलेवन की ओर से हेमंत डोंगरे और संतोष साहू ने 3-3 विकेट, ऋषि नेताम और लक्ष्मण लेखवानी ने 2-2 विकेट हासिल किए। 61 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी संयुक्त इलेक्ट्रॉनिक इलेवन ने 7.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। हेमंत डोंगरे ने 14, तिलक साहू ने 12 और लक्ष्मण लेखवानी ने 17 रन बनाए, जबकि ईमरान कुरैशी 2 रन पर नाबाद रहे। हेमंत डोंगरे को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।

खेल मंत्री ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित 
समापन समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव तथा राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा रहे। दोनों मंत्रियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार वितरित किए। टूर्नामेंट में संजय सिंहदेव को मैन ऑफ द सीरीज, रवि मिरी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, ऋषि नेताम को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, लविंद्र पाल सिंह को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक तथा मुकेश दरयाब को सर्वश्रेष्ठ कैच के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही टूर्नामेंट में शतक जड़ने वाले तीन खिलाड़ियों को “शतक वीर” और 10 खिलाड़ियों को “अर्धशतक वीर” का सम्मान दिया गया। सर्वाधिक हाईएस्ट स्कोर के लिए प्रमोद मिश्रा को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। 

The winning team with the trophy
ट्रॉफी के साथ विजेता टीम 

दोनों अंपायरों को दी जाएगी प्रोत्साहन राशि 
दोनों अंपायरों को प्रोत्साहन स्वरूप 1000-1000 रुपये की सम्मान राशि डॉ. शैलजा निगम के स्थान पर आशीष निगम की ओर से प्रदान की गई। पूरे आयोजन में पत्रकारों की खेल भावना, सौहार्द और प्रतिस्पर्धा का संतुलित समन्वय देखने को मिला, जिसने खेल मड़ई 2026 को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया। प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने बताया कि खेल मड़ई के तहत अन्य खेल प्रतियोगिताएं भी लगातार आयोजित की जाएंगी तथा क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन के बाद जल्द ही इंडोर गेम्स की शुरुआत की जाएगी।

ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित 
समापन अवसर पर नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व प्रताप तोमर, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, राज्य सूचना आयोग के सदस्य शिरीष मिश्रा सहित वरिष्ठ पत्रकार रामावतार तिवारी, बृजेश चौबे, प्रशांत शर्मा, अनिल पुसदकर, वीरेंद्र शर्मा, अशोक दीवान, संदीप पुराणिक और प्रदीप दुबे उपस्थित रहे। इसके साथ ही स्व. कुलदीप निगम इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन अवसर पर आयोजक मंडल के संयोजक विजय मिश्रा, अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु तथा संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े विशेष रूप से मौजूद रहे।

5379487