रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने प्रेस वार्ता से पहले ही कांग्रेस पर तीखा हमला बोल दिया है। महिला आरक्षण बिल के मुद्दे को लेकर उन्होंने कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक रूप से असंवेदनशील बताया। साथ ही भाजपा ने इस मुद्दे पर देशभर में बड़े स्तर पर अभियान चलाने का ऐलान किया है।
कांग्रेस पर अरुण सिंह का तीखा हमला
अरुण सिंह ने कांग्रेस को ‘बेशर्म पार्टी’ तक कह दिया, उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण बिल गिरने के बाद कांग्रेस नेताओं के चेहरे पर गंभीरता नहीं बल्कि हंसी थी, जो उनके असली चरित्र को दर्शाता है। अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा ऐसे फैसलों से भरा रहा है, जो समाज और खासकर महिलाओं के हितों के खिलाफ रहे हैं।
‘कांग्रेस ने किया पाप’, BJP का आरोप
अरुण सिंह ने अपने बयान में कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर कांग्रेस ने पाप किया है। उन्होंने इसे महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि भाजपा इस मुद्दे को देशभर में उठाएगी और जनता के बीच कांग्रेस की भूमिका को उजागर करेगी।
देशभर में BJP का बड़ा अभियान
भाजपा ने इस मुद्दे पर राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक अभियान की घोषणा की है। अरुण सिंह ने बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर देशभर में प्रेस वार्ताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही पार्टी पदयात्राएं निकालेगी और गांव-गांव जाकर लोगों को इस मुद्दे की जानकारी देगी, ताकि महिलाओं के अधिकारों को लेकर जनजागरूकता बढ़ाई जा सके।
रायपुर में प्रेस वार्ता से देंगे संदेश
रायपुर में आयोजित होने वाली प्रेस वार्ता के जरिए भाजपा अपने आंदोलन की रूपरेखा स्पष्ट करेगी। माना जा रहा है कि इस दौरान कांग्रेस के खिलाफ और भी आक्रामक रणनीति सामने आ सकती है, जिससे प्रदेश की सियासत और गरमा सकती है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)