रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के अवकाश पर अगले तीन महिने के लिए रोक लगा दी गई है। यह निर्णय जनगणना और सुशासन तिहार को देखते हुए लिया गया है। कर्मचारी अब पूर्व अनुमति के पहले छुट्टी पर नहीं जा सकते हैं। इसको लेकर सामान्य प्रशासन विभाग ने बाकायदा आदेश जारी कर दिया है। ऐसे में अब बिना स्वीकृति के छुट्टी पर जाने को गंभीर अनुशासनहीनता माना जाएगा और उन पर एक्शन लिया जाएगा।
सरकार ने जारी किया आदेश
जारी आदेश के अनुसार, कोई भी सरकारी कर्मचारी अपने सीनियर अधिकारी से छुट्टी स्वीकृत कराए बिना छुट्टी पर नहीं जा सकेगा। यदि कोई कर्मचारी बिना अनुमति अनुपस्थित रहता है, तो इसे सेवा में बाधा मानते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई इमरजेंसी होती है तो इसकी सूचना कर्मचारी को फोन या डिजिटल माध्यम से पहले देना अनिवार्य होगा। इसके बाद में कार्यालय पहुंचने पर इसकी लिखित पुष्टि करनी होगी।
सभी विभागों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को दिया गया निर्देश
यदि कोई कर्मचारी लंबी छुट्टी पर जाता है तो उसे पहले अपने काम का प्रभार किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी को सौंपना होगा। सरकार ने सभी विभागों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में इस फैसले को प्रशासनिक कामकाज को सुचारू बनाए रखने और बड़े सरकारी कार्यक्रमों को समय पर पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)