प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी का कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए पूछा कि, पीएम आवास योजना में किए गए घोटालों को लेकर कैग की रिपोर्ट पर कांग्रेसी बोलने को तैयार क्यों नहीं है?

रायपुर। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने एक बार फिर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने यह सवाल दागा है कि, पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास योजना में किए गए घोटालों को लेकर कैग की रिपोर्ट में उठाए गए गंभीर सवालों पर कांग्रेस का कोई भी नेता बोलने को तैयार क्यों नहीं है? श्री चिमनानी ने कांग्रेस पर यह भी सवाल दागा कि गरीबों के आवास को छीनकर जो भ्रष्टाचार किया गया, उसका पैसा क्या केवल राज्य के नेताओं ने ही आपस में बाँटा है या यह पैसा राहुल गांधी और सोनिया गांधी तक भी पहुँचा है?

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री चिमनानी ने कांग्रेस के शासनकाल को 'घोटालों का काल' बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने न केवल धार्मिक आस्थाओं के साथ खिलवाड़ किया, बल्कि गरीबों के सिर से छत छीनने का पाप भी किया है। कांग्रेस के कार्यकाल में जहाँ भगवान शंकर और गौ माता के नाम पर बड़े-बड़े घोटाले हुए, वहीं गरीबों के आशियानों को भी नहीं बख्शा गया। कांग्रेस ने गरीबों की छत छीनकर अपनी जेबें भरने का काम किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना में जिस प्रकार की अनियमितताएं सामने आई हैं, वह कांग्रेस के असली चेहरे को उजागर करती हैं। 

पीएम आवास में मृतकों के नाम पर निकाले पैसे 
नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए श्री चिमनानी ने प्रधानमंत्री आवास योजना में हुए भ्रष्टाचार के कई गंभीर मुद्दे उठाए और कहा कि ऐसे लोग जो इस दुनिया में नहीं हैं। उनके नाम पर आवास योजना की राशि निकाल ली गई। जिन लोगों के पास जमीन का कोई टुकड़ा नहीं था, उनके नाम पर भी सरकारी खजाने से पैसे जारी किए गए। पहली किस्त मिलने के बाद, किसी दूसरे पूर्ण निर्मित मकान की फर्जी तस्वीरें दिखाकर पूरी राशि हड़प ली गई। 

घोटालों पर कांग्रेस पार्टी मौन क्यों 
श्री चिमनानी ने कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस आलाकमान और प्रदेश नेतृत्व पर निशाना साधते हुए पूछा कि आखिर इन घोटालों पर कांग्रेस पार्टी मौन क्यों है? श्री चिमनानी ने कहा कि अपने भ्रष्ट कारनामों पर कांग्रेसी चाहे मुँह में जितना दही जमाए बैठे रहें, प्रदेश की जनता कांग्रेस के इन कुकृत्यों को देख रही है। भ्रष्टाचार की यह जड़ें कितनी गहरी हैं, इसका जवाब कांग्रेस को देना ही होगा। गरीबों के हक की लड़ाई भाजपा पूरी मुस्तैदी के साथ लड़ती रहेगी।