अमित गुप्ता- रायगढ़। छत्तीसगढ़ के दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ जिले में भी अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया है। तमनार क्षेत्र के आमाघाट इलाके में करीब 70 डिसमिल जमीन पर अफीम की फसल पाई गई है। गांव से दूर जंगल और नदी किनारे की इस जमीन पर गुपचुप तरीके से अफीम की खेती की जा रही थी। ग्रामीणों ने जंगल में पौधे और गुलाबी फूल देखकर शक जताया जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही तमनार पुलिस देर रात मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में अफीम की खेती की पुष्टि की गई। इसी दौरान गांव से एक युवक मार्शल सांगा को गिरफ्तार किया गया है। सुबह जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच के बाद आधिकारिक पुष्टि की गई। जहां खेती की जा रही थी वह इलाका पूरी तरह सुनसान जंगल के बीच और नदी तट से लगा हुआ है। करीब 70 डिसमिल जमीन को दो हिस्सों में बांटकर खेती की गई थी एक हिस्से में फसल तैयार होने की स्थिति में थी जबकि दूसरे में पौधों पर गुलाबी फूल खिले हुए थे।
ग्रामीणों को भी नहीं थी भनक
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि सुनसान इलाके में खेती होने के कारण उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। अब आशंका जताई जा रही है कि इस मामले में और लोग भी शामिल हो सकते हैं जिसकी जांच जरूरी है।
आरआई और पटवारी जमीन की कर रहे नाप- जोख
इस मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम जांच में जुट गई है। राजस्व विभाग के आरआई और पटवारी जमीन की नाप-जोख कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मार्शल सांगा झारखंड का रहने वाला है और यहां अपने रिश्तेदार की जमीन पर खेती कर रहा था। अधिकारियों के अनुसार जमीन के दस्तावेजों की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने दी मामले की जानकारी
वहीं इस पूरे मामले को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और अफीम के सैंपल भी लिए जा रहे हैं। यह खेती कब से हो रही थी और इसे कहां खपाने की योजना थी इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
दुर्ग-बलरामपुर जिले में मिली थी अफीम की खेती
छत्तीसगढ़ की सियासत में उबाल लाने वाले दुर्ग जिले के समोदा में अफीम की खेती का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि, एक और मामला सामने आ गया था। इस बार अफीम की खेती का मामला बलरामपुर से सामने आया था। बलरामपुर जिले के त्रिपुरी गांव में अफीम की खेती मिलने से हड़कंप मच गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची हुई हैं।
मुआयना किया जा रहा है कि, आखिर अफीम की खेती इस सुदूरवर्ती ग्रामीण अंचल में किसने की है। हालांकि पुलिस ने 2 खेत मालिकों को हिरासत में लिया है और पूछताछ में जुटी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यहां अफीम की खेती लीज में लेकर की गई थी। वहीं पुलिस के लिये चुनौती है कि, आखिर खेती करने वाले लोग कहां से हैं और कहां -कहां पर अफीम की खेती की है।