रायगढ़ के कापू-धरमजयगढ़ मार्ग पर मड़वाताल के पास सगाई से लौट रही पिकअप खाई में गिर गई। हादसे में 2 लोगों की मौत, 3 गंभीर रूप से रायगढ़ रेफर।

अमित गुप्ता- रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कापू और धरमजयगढ़ के बीच मड़वाताल के पास गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। सगाई समारोह से लौट रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में करीब 35 ग्रामीण सवार थे। दुर्घटना में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, बंगरसुता गांव के ग्रामीण कापू के पास गोसाइपोड़ी गांव सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय मड़वाताल के समीप मोड़ पर वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और पिकअप सीधे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में इस घटना के बाद मातम का माहौल है।