अमित गुप्ता - रायगढ़। शहर के प्रतिष्ठित होटल ट्रिनिटी में चल रहे सनराइज स्पा में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। CSP मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त दबिश देकर स्पा संचालक और होटल मैनेजर को मौके से पकड़ा। जांच के दौरान स्पा के कमरों से तीन महिलाएं मिलीं, जिससे इस अवैध कारोबार की पुष्टि हुई।
7वीं मंजिल के स्पा में रेड
पुलिस टीम ने होटल की सातवीं मंजिल पर संचालित सनराइज स्पा में दबिश दी। पहले से लगातार सूचना मिल रही थी कि स्पा की आड़ में ग्राहकों को लड़कियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। अंदर पहुंचते ही टीम ने कई कमरों की जांच की, जहां आपत्तिजनक गतिविधियों के संकेत मिले।
कमरों में मिलीं 3 महिलाएं
रेड के दौरान स्पा के अलग-अलग कमरों में तीन महिलाएं मिलीं। पुलिस ने उनकी उपस्थिति को आधार बनाते हुए मौके के हालात और कमरे की स्थिति का निरीक्षण किया, जिससे अवैध देह व्यापार चलने की पुष्टि हुई।
#रायगढ़ के होटल ट्रिनिटी के सनराइज स्पा में पुलिस ने देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया।@RaigarhDist #PoliceRaid #HotelSpaExposed pic.twitter.com/pd7oIpcNoY
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 10, 2026
संचालक और मैनेजर की गिरफ्तारी
कार्रवाई के बाद स्पा संचालक विनयकांत बरगट और होटल मैनेजर देवेंद्र सिंह को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में स्पा संचालन के नाम पर देह व्यापार कराए जाने की जानकारी सामने आई। दोनों पर आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है।
PITA एक्ट के तहत अपराध दर्ज
टीम ने छापेमारी के दौरान कमरे और रिसेप्शन क्षेत्र से आपत्तिजनक सामग्री जप्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पीटा एक्ट की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत प्रकरण कायम किया गया है।
SSP का स्पष्ट संदेश- अवैध गतिविधियों पर नहीं मिलेगी राहत
SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि- शहर में देह व्यापार, जुआ-सट्टा, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने साफ किया कि पुलिस किसी भी अवैध कारोबार को बढ़ने नहीं देगी।










