Logo
election banner
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि, कांग्रेस में उन्हें न्याय नहीं मिला, वे अपमानित हुई हैं।

रायपुर- राधिका खेड़ा के कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद से राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है। इस मामले को लेकर अब भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि, कांग्रेस में उन्हें न्याय नहीं मिला, वे अपमानित हुई हैं। उनके अपमान से छत्तीसगढ़ का सिर शर्म से झुक गया है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। 

बता दें, राधिका खेड़ा के बीजेपी में शामिल होने की अटकलों के बीच विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि, क्या अपमान प्री प्लान होता है? कांग्रेसियों ने अपमान किया, इसलिए BJP की तरफ आ रही हैं। 

BJP की बड़ी जीत होने जा रही है 

छत्तीसगढ़ में सात सीटों पर मतदान को लेकर BJP विधायक अजय चंद्राकर ने बताया कि, हम पूरी तरह आश्वस्त हैं। सभी सीटों में BJP की बड़ी जीत होने जा रही है।  कमल का बटन दबेगा और BJP को जीत मिलेगी। 

न्याय ना मिलने पर दिया त्याग पत्र 

राजीव भवन में उपजे विवाद के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता राधिका खेड़ा ने रविवार को अपने पद से त्याग पत्र दे दिया है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजे इस्तीफे में राजीव भवन विवाद में न्याय ना मिलने और राम मंदिर के दर्शन को वजह बताया है। 

राधिका ने इस्तीफा देते हुए क्या कहा था 

अपने इस्तीफे में राधिका खेड़ा ने लिखा है कि, आदिकाल से ये स्थापित सत्य है कि, धर्म का साथ देने वालों का विरोध होता रहा है। हिरण्यकशिपु से लेकर रावण और कंस तक इसका उदाहरण हैं। वर्तमान में प्रभु श्री राम का नाम लेने वालों का कुछ लोग इसी तरह विरोध कर रहे हैं। हर हिंदू के लिए प्रभु श्री राम की जन्मस्थली पवित्रता के साथ बहुत मायने रखती है और राम लल्ला के दर्शन मात्र से जहां हर हिंदू अपना जीवन सफल मानता है। वहीं कुछ लोग इसका विरोध कर रहे हैं। 

छत्तीसगढ़ में हुए घटनाक्रम में मुझे नहीं मिला इंसाफ 

उन्होंने आगे लिखा है कि, मैंने जिस पार्टी को अपने 22 साल से ज़्यादा दिए। जहां NSUI से लेकर AICC के मीडिया विभाग में पूरी ईमानदारी से काम किया। आज वहां ऐसे ही तीव्र विरोध का सामना मुझे करना पड़ा है। क्योंकि मैं अयोध्या में राम लला के दर्शन करने से खुद को रोक नहीं पाई। मेरे इस पुनीत कार्य का विरोध इस स्तर तक पहुंच गया कि, मेरे साथ छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुए घटनाक्रम में मुझे न्याय देने से इंकार कर दिया गया।

खुद को नहीं दिला पाई न्याय 

राधिका ने आगे लिखा है कि, मैंने हमेशा ही दूसरों के न्याय के लिए हर मंच से लड़ाई लड़ी है। किंतु जब स्वयं के न्याय की बात आई तो पार्टी में मैंने स्वयं को हारा हुआ पाया। प्रभु श्री राम की भक्त व एक महिला होने के नाते मैं बेहद आहत हूं। बार- बार पार्टी के समस्त शीर्ष नेताओं को अवगत कराने के बाद भी जब मुझे न्याय नहीं मिला। इससे आहत होकर मैंने आज यह कदम उठाया है।'

5379487